Bhagalpur News: बिहार के भागलपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है जिसने पूरे क्षेत्र को हिलाकर रख दिया है। झंडापुर थाना क्षेत्र के दयालपुर गांव में चोरी के शक में एक युवक को जिस अमानवीय तरीके से प्रताड़ित किया गया, उसने इंसानियत को शर्मसार कर दिया।
मामले के अनुसार, गांव के एक प्रतिष्ठित व्यक्ति के घर में चोरी की वारदात हुई थी। घर में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में यह बात साफ हुई कि चोरी में घर मालिक का भतीजा ही शामिल था। इसके बावजूद चोरी के शक में एक अन्य युवक को पकड़ लिया गया। आरोप है कि उस युवक को न केवल बुरी तरह पीटा गया बल्कि उसके मलद्वार में पेट्रोल डालकर हैवानियत की सारी हदें पार कर दी गईं।
परिजनों ने बताया कि पीड़ित युवक को दो दिनों तक बंधक बनाकर रखा गया और लगातार प्रताड़ित किया गया। मंगलवार को ग्रामीणों की मदद से युवक को छुड़ाया गया। पहले उसे बिहपुर पीएचसी ले जाया गया लेकिन हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया। देर शाम उसे वहां भर्ती कराया गया।






















