भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने पटना स्थित गौरीचक थाने पर हमला बोला। कार्यकर्ताओं ने पुलिसकर्मियों पर जमकर ईंट-पत्थर बरसाए, जिसमें थानाध्यक्ष समेत तीन पुलिस कर्मी घायल हो गए। वहीं, मामले में 90 लोगों के विरुद्ध केस दर्ज किया गया है। 13 आरोपी नामजद हैं। पुलिस ने पांच लोगों को जेल भेजा है। पुलिस ने एक बोलेरो भी जब्त किया है। गिरफ्तार लोगों में बाकरचक निवासी शैलेंद्र कुमार, कछुआरा निवासी संजय कुमार, चंपापुर निवासी जितेंद्र कुमार, राजेश मोची और राघोपुर निवासी मजेटर दास शामिल हैं। बाकियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
निर्दोषों को जेल भेजने का आरोप लगाकर हमला
गौरीचक प्रभारी थानाध्यक्ष राकेश कुमार रंजन के बयान पर सरकारी काम में बाधा डालने, हथियार छीनने की कोशिश, पुलिस पर रोड़ेबाजी, सड़क जाम समेत अन्य आरोप में प्राथमिकी दर्ज हुई है। बता दें भीम आर्मी के सदस्यों ने सोमवार को युवक की हत्या में चार निर्दोषों को जेल भेजने का आरोप लगाया था।




















