पटना। पटना पुलिस ने जिले में सक्रिय कुख्यात महाकाल गैंग पर बड़ी कार्रवाई की है। यह गैंग लंबे समय से अवैध हथियारों की सप्लाई और कारतूसों के व्यापार में शामिल था। इतना ही नहीं, गैंग के सदस्य सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ वीडियो बनाकर दहशत फैलाने और अपनी धाक जमाने का काम भी कर रहे थे। 25 अगस्त 2025 को पुलिस को सूचना मिली कि यह गैंग बिहटा और मनेर थाना क्षेत्र में सक्रिय है। सूचना मिलते ही नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई। इस टीम में DIU के सदस्य, बिहटा और IIT अमहारा थानाध्यक्ष समेत कई अधिकारी शामिल थे।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने गैंग के दो कुख्यात अपराधियों को धर दबोचा।गिरफ्तार अपराधी हरेराम सिंह (57 वर्ष), पिता-स्व. पिता-स्व. रामकृपाल सिंह, निवासी-घोड़ाटाप, थाना-बिहटाविनीत कुमार (25 वर्ष), पिता-भूखन सिंह, निवासी-घोड़ाटाप, थाना-बिहटा गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने अपराधियों के पास से बड़ी मात्रा में हथियार और कारतूस जब्त किए। महाकाल गैंग में कुल छह सदस्य सक्रिय बताए जाते हैं। इनमें सोनू कुमार, सुमित कुमार, निरंजन कुमार और अभिषेक कुमार के नाम भी शामिल हैं।
गौरतलब है कि सोनू और सुमित कुमार पहले ही 80 कारतूस के साथ पकड़े जा चुके हैं और जुलाई 2025 में उन्हें जेल भेजा गया था। गिरफ्तार अपराधियों के खिलाफ बिहटा थाना कांड संख्या-674/25 के तहत शस्त्र अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।गिरफ्तार विनीत कुमार का पुराना आपराधिक इतिहास भी रहा है। वह पहले भी बिहटा थाना कांड संख्या-311/23 में नामजद था। उस मामले में उस पर डकैती की योजना और अवैध हथियार रखने का आरोप लगा था।






















