नई दिल्ली, रफ्तार। बिहार में नई एनडीए सरकार (NDA Government) को 12 फरवरी यानी सोमवार को बहुमत साबित करना है। इसको लेकर पक्ष-विपक्ष अपनी तैयारियों में जुटा है। अब इस पर राजद सांसद मनोज झा (MP Monoj Jha) ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी 12 फरवरी को सामान्य दिन की तरह ले रही है। उनके विधायक सदन में जाएंगे और अपना काम करेंगे। राजद उस दिन को किसी खास या बड़े दिन की तरह नहीं ले रहा। झा ने यह भी कहा कि यह मामला 17 साल बनाम 17 महीने का है।
12 फरवरी को विधानसभा अध्यक्ष का भी चुनाव
बता दें 28 जनवरी को नौवीं बार मुख्यमंत्री के रूप में जदयू अध्यक्ष नीतीश कुमार ने शपथ ली थी। नीतीश ने महागठबंधन और विपक्षी गुट इंडिया से अलग होकर भाजपा के साथ नई सरकार बनाई। नए विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव 12 फरवरी को है। इस दिन ही राज्य आर्थिक सर्वेक्षण भी पेश किया जाएगा। राजद के अवध बिहारी चौधरी के स्थान पर नए विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव होगा। बजट 12 फरवरी की जगह एक दिन 13 फरवरी को पेश किया जाएगा। सत्र 11 कार्य दिवस के बाद एक मार्च को समाप्त हो जाएगा। यह एक हंगामेदार बजट सत्र होने की संभावना है, क्योंकि राजग ने (राजद के) विधानसआ अध्यक्ष के विरुद्ध अविश्वास प्रस्ताव पेश किया है, जिन्होंने इस्तीफा नहीं दिया है।
किस पार्टी के कितने विधायक
फिलहाल राजद के 79 विधायक हैं। बीजेपी के पास 78 विधायक, जदयू 45, कांग्रेस 19, सीपीआई (एमएल) 12, हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा 4, सीपीआई 2, सीपीआई (एम) 2, एआईएमआईएम 1 और 2 निर्दलीय। नीतीश की जदयू और भाजपा को मिलाकर 123 विधायक हैं। यह सरकार बनाने के लिए जरूरी बहुमत 122 से सिर्फ एक अधिक है। भाजपा को हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (HAM) का भी समर्थन है। उसके 4 विधायक हैं। एनडीए को एक निर्दलीय विधायक का भी समर्थन है। इस तरह बीजेपी-जदयू नीतीश गठबंधन के पास 128 विधायक हैं। NDA आसानी से बहुमत साबित करने की स्थिति में है।




















