बिहार विधानसभा के शीतकालीन सत्र के चौथे दिन राज्यपाल के अभिभाषण पर जारी चर्चा के बीच सदन का माहौल अचानक गरम हो गया, जब डिप्टी मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने अवैध बालू खनन (Bihar Sand Mafia) पर अपनी कड़ी नीति का ऐलान करते हुए बालू माफियाओं को खुली चेतावनी दी। सदन में खड़े होकर उन्होंने साफ कहा कि बिहार में अवैध खनन और उस पर पनपने वाली हिंसा का दौर अब खत्म हो चुका है, और यदि बालू माफिया नहीं मानेंगे तो उनके सीने पर भी बुलडोजर चलाने में सरकार पीछे नहीं हटेगी।
डिप्टी सीएम ने सदन में सरकार का विस्तृत लेखा-जोखा पेश करते हुए कहा कि कभी बालू की वजह से नरसंहार जैसी घटनाएं होती थीं और कोइलवर क्षेत्र में करीब एक हजार राउंड गोलियां चली थीं। उन्होंने याद दिलाया कि उस समय वह विपक्ष में बैठे थे और तीन दिनों तक सदन हंगामे से ठप रहा था, लेकिन आज स्थिति बदल चुकी है। पिछले एक वर्ष में ऐसी कोई घटना नहीं हुई है और बालू खनन से होने वाला राजस्व रिकॉर्ड 117 प्रतिशत तक बढ़ गया है।
‘बुलडोजर बाबा’ नाम से सम्राट चौधरी को दिक्कत ! बालू और शराब माफिया को चेताया.. RJD पर तीखा वार
विजय सिन्हा ने कहा कि ओवरलोडिंग पर लगाम लग चुकी है और इसके खिलाफ कार्रवाई में मदद करने वालों के लिए सरकार ने 10,000 रुपये के इनाम की घोषणा भी कर रखी है। उनका कहना था कि जो भी अवैध खनन या परिवहन में गड़बड़ी करेगा, वह जेल भी जाएगा और उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। सख्ती का यह असर है कि कई बालू घाटों को माफियाओं ने खुद ही छोड़ दिया है और कई आरोपी प्रदेश से फरार हो रहे हैं।
सदन में आरजेडी विधायक भाई वीरेंद्र ने जैसे ही सरकार की नीति पर सवाल उठाया, डिप्टी सीएम ने पलटवार करते हुए कहा कि बिहार में अराजकता फैलाने वाले ऐसे लोगों को जनता भली-भांति पहचानती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार का लक्ष्य सिर्फ माफियाओं पर प्रहार नहीं, बल्कि उन नेताओं और अधिकारियों के चेहरों को उजागर करना भी है, जो वर्षों से बालू, भू और शराब माफियाओं का संरक्षण करते रहे हैं।
डिप्टी सीएम ने कहा कि सरकार जमीनी स्तर पर काम कर रही है, इसलिए जल्द ही ऐसे लोगों की पहचान उजागर कर दी जाएगी। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि चाहे बालू माफिया हो या भू माफिया—सरकार उन्हें भागने नहीं देगी और उनकी सुरक्षा तक जब्त कर ली जाएगी। सदन में लगे शोर-शराबे के बीच उन्होंने दो-टूक कहा कि जो लोग अच्छा काम करते हैं, उन्हें किसी बात का डर नहीं होना चाहिए, लेकिन जंगलराज की मानसिकता रखने वालों पर बुलडोजर के रूप में कार्रवाई अवश्य होगी।






















