बीजेपी विधायक दल की आज होने वाली बैठक कैंसिल (Bihar BJP Meeting Cancel) हो गई है। बैठक अब कल सुबह 10 बजे से होगी। 19 नवंबर को अब बीजेपी और जदयू के साथ एनडीए विधायक दल की बैठक भी होगी। इसके साथ ही, शाम में सीएम नीतीश कुमार अपना इस्तीफा राज्यपाल को सौंपेंगे। इसी बीच सोमवार देर रात, केंद्रीय मंत्री ललन सिंह और जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा का अचानक चार्टर्ड फ्लाइट से दिल्ली जाना सियासी गलियारों में हलचल पैदा कर गया।
हालांकि, बिहार में सरकार गठन की कोशिशें जारी हैं। एनडीए विधायक दल की बैठक 19 नवंबर को होगी, जिसमें औपचारिक रूप से गठबंधन का नेता चुना जाएगा। सूत्रों के अनुसार, भाजपा आलाकमान ने दोनों वरिष्ठ जदयू नेताओं को दिल्ली बुलाया था। उनके अचानक चले जाने से यह सवाल उठ रहा है कि क्या नई सरकार के गठन में आखिरी समय में कोई रुकावट आ गई है। पटना हवाई अड्डे पर दोनों नेताओं ने मीडिया के सवालों पर कोई टिप्पणी नहीं की।
इससे पहले खबर यह थी कि कल राज्यपाल से मिलने के बाद नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा अपने पद से इस्तीफा नहीं दिए जाने पर जीतन राम मांझी ने कहा कि कैबिनेट का इस्तीफा हुआ और मुख्यमंत्री का नहीं, यह कोई सीक्रेट बात है। इसकी जानकारी मुझे नहीं है। कल इसके बारे में मैं कुछ बताऊंगा।
इधर, बिहार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने बताया कि कल विधायक दल की बैठक है और फिर NDA के विधायक दल की बैठक होगी। 20 तारीख को शपथ ग्रहण समारोह गांधी मैदान में मनाया जाएगा। इसमें प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा के अन्य वरिष्ठ नेताओं को आमंत्रित किया जाएगा। इसमें सभी आम मतदाताओं को भी आमंत्रित किया जा रहा है। करीब 2 से 3 लाख लोगों की ऐतिहासिक उपस्थिति यहां दर्ज होगी।
बता दें कि जनादेश के माध्यम से बिहार में पहली बार सबसे बड़ी पार्टी बनने के उपरांत बुधवार को भाजपा के नव निर्वाचित विधायक विधानमंडल दल का नेता चुनेंगे। इसके लिए पार्टी की ओर से भाजपा प्रदेश मुख्यालय में बैठक बुलाई गई है। पार्टी की ओर से सभी 89 विधायकों के साथ ही विधान पार्षदों को सूचित कर दिया गया है। अटल सभागार में होने वाली बैठक में सम्मिलित होने के लिए पार्टी की ओर से सभी 21 एमएलसी को सूचित कर दिया गया है।






















