BJP Rath Yatra Patna: राजधानी पटना का गांधी मैदान मंगलवार को एक ऐतिहासिक राजनीतिक घटनाक्रम का साक्षी बना। यहां से भाजपा ने अपने विशाल जनसंपर्क अभियान की शुरुआत की, जिसे पार्टी की चुनावी रणनीति का अहम हिस्सा माना जा रहा है। मंच पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय, प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े, मंत्री मंगल पांडेय और नितिन नवीन मौजूद रहे। इन नेताओं की मौजूदगी में रथों का भव्य शुभारंभ हुआ, जिन्हें राज्यभर में भेजा गया।

इन रथों का उद्देश्य केवल यात्रा नहीं बल्कि संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है। भाजपा की योजना है कि इन रथों के जरिए प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों में पहुंचकर 50 हजार से अधिक स्थानों पर विशेष लघु फिल्में दिखाई जाएंगी। इन फिल्मों का केंद्र प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संघर्षशील जीवन रहेगा। बचपन की कठिनाइयों से लेकर गरीबी में बिताए पलों और संघर्षपूर्ण यात्रा की झलकियां लोगों तक पहुंचाई जाएंगी। पार्टी का मानना है कि इन प्रसंगों के जरिए आमजन मोदी के सादगीपूर्ण और प्रेरणादायक व्यक्तित्व से और गहराई से जुड़ेंगे।
दरभंगा में तेजस्वी यादव समेत चार नेताओं पर FIR.. ‘माई बहिन योजना’ में फर्जीवाड़ा का आरोप
इस अभियान में केवल राजनीतिक संदेश ही नहीं, बल्कि सामाजिक पहलू भी जोड़े गए हैं। भाजपा ने प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से लेकर गांधी जयंती 2 अक्टूबर तक ‘सेवा पखवाड़ा’ मनाने की घोषणा की है। इस अवधि में स्वास्थ्य शिविर, स्वच्छता अभियान और समाज सेवा से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इससे पार्टी यह संदेश देना चाहती है कि राजनीति केवल सत्ता तक सीमित नहीं, बल्कि सेवा और जनकल्याण भी उसका महत्वपूर्ण हिस्सा है।
















