Bihar Chhath Puja 2025: लोक आस्था का महापर्व छठ पूजा इस बार बिहार में एक बार फिर पूरे उल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। घाटों से लेकर घरों तक, सूर्य उपासना के इस पावन पर्व ने भक्तिमय माहौल बना दिया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान और अन्य नेताओं ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर राज्य की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने आवास 1 अणे मार्ग पर परिवार के साथ छठी मइया की पूजा की और डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया। उन्होंने कहा कि छठ केवल एक धार्मिक उत्सव नहीं, बल्कि लोक आस्था, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक समरसता का प्रतीक है। मुख्यमंत्री ने सभी बिहारवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व हमें सादगी, संयम और प्रकृति के प्रति सम्मान का संदेश देता है।

वहीं, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने पटना में अपने परिवार के साथ छठ पूजा मनाई और देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि छठ बिहार की आत्मा में बसने वाला पर्व है, जो हर घर में श्रद्धा, समर्पण और सकारात्मक ऊर्जा लेकर आता है। चिराग ने कहा कि “इस बार छठ के साथ बिहार में लोकतंत्र का महापर्व भी चल रहा है। मैं कामना करता हूं कि छठी मइया की कृपा से बिहार विकास की नई ऊंचाइयों को छुए।”
UP-Bangal-MP समेत 12 राज्यों में कल से शुरू होगा SIR.. EC ने कहा- बिहार में कामयाब रहा
बिहार सरकार में मंत्री अशोक चौधरी ने भी अपने आवास पर परिवार के साथ छठ पर्व का पालन किया। उनकी पत्नी नीता केसकर चौधरी पिछले 13 वर्षों से निर्जला व्रत रखती आ रही हैं। इस मौके पर उनकी बेटी और समस्तीपुर की सांसद शांभवी चौधरी भी मौजूद रहीं। उन्होंने कहा कि “छठ पर्व हमारी संस्कृति, नारी शक्ति और पर्यावरण संरक्षण की पहचान है। यह पर्व हमें नदियों और प्रकृति के प्रति कृतज्ञ होने की प्रेरणा देता है।”

उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जो इन दिनों तारापुर विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी भी हैं, ने अपने पैतृक गांव मुंगेर के तारापुर में पारंपरिक तरीके से अर्घ्य अर्पित किया। उन्होंने कहा कि “लोकदेव भगवान भास्कर और छठी मइया की कृपा से बिहार की धरती हमेशा सुख-समृद्धि से भरी रहे। यह पर्व हमारी सांस्कृतिक पहचान का सबसे बड़ा प्रतीक है।”

इस बीच, हाजीपुर के गंडक नदी घाट पर केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय भी छठ पूजा में शामिल हुए। उन्होंने सभी सुरक्षा प्रोटोकॉल को दरकिनार करते हुए आम श्रद्धालुओं के साथ पूजा की और उनके साथ सेल्फी लेते नजर आए। घाट पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ी, लेकिन हर ओर श्रद्धा और उत्साह का माहौल देखने को मिला।

छठ घाटों पर प्रशासन ने सुरक्षा, स्वच्छता और प्रकाश व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए हैं। पुलिस, NDRF और स्थानीय प्रशासन लगातार गश्त कर रहे हैं ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा न हो। इस वर्ष पटना, गया, भागलपुर, नालंदा, दरभंगा और मुजफ्फरपुर जैसे शहरों में छठ पूजा का दृश्य अद्भुत और भव्य नजर आया, जिसने न केवल बिहार बल्कि पूरे देश में आस्था की एक मिसाल कायम की।




















