बिहार विधानसभा चुनाव (Bihar Election 2025) से पहले राज्य की राजनीति चरम पर है। सत्ता में वापसी की कोशिश में जुटे राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के भीतर सीट बंटवारे को लेकर घमासान थमने का नाम नहीं ले रहा। एक ओर भाजपा (BJP) केंद्रीय स्तर पर सबको साथ लाने की कवायद में जुटी है, तो दूसरी ओर सहयोगी दलों के बीच असंतोष खुलकर सामने आने लगा है। सूत्रों के अनुसार, एनडीए में सीटों पर लगभग सहमति बन चुकी है, लेकिन कुछ प्रमुख चेहरों की नाराज़गी ने अंतिम ऐलान को रोक रखा है।
कुम्हरार में शिक्षाविदों की जंग? जनुसराज के प्रो. केसी सिन्हा के सामने भाजपा के प्रो. रणबीर नंदन?
आज दिल्ली में भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के आवास पर बिहार एनडीए कोर ग्रुप की अहम बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में जीतन राम मांझी, चिराग पासवान और उपेन्द्र कुशवाहा जैसे नेता शामिल होंगे। जानकारी के अनुसार, मांझी विशेष विमान से पटना से रवाना हो चुके हैं, जबकि चिराग पासवान पहले से ही दिल्ली में डेरा डाले हुए हैं। वहीं उपेन्द्र कुशवाहा भी सुबह 11 बजे तक दिल्ली पहुंचने वाले हैं। संभावना है कि आज एनडीए की सीट शेयरिंग फॉर्मूला पर अंतिम मुहर लग सकती है और बिहार के लिए गठबंधन की रूपरेखा स्पष्ट हो जाएगी।

मांझी ने रवाना होने से पहले कहा कि “फैसला अब दिल्ली में होना है, जो भी तय होगा, हम उसका पालन करेंगे। हम अनुशासित लोग हैं, हमें जो सीटें मिलेंगी, हम उसी पर लड़ेंगे।” हालांकि उनके बयान में छिपा राजनीतिक संकेत इस ओर इशारा करता है कि सब कुछ संतोषजनक नहीं है।

वहीं, उपेन्द्र कुशवाहा ने सोशल मीडिया पर लिखा— “इधर-उधर की खबरों पर मत जाइए, वार्ता अभी पूरी नहीं हुई है।” उन्होंने मीडिया रिपोर्ट्स को “छल और भ्रम” करार देते हुए कार्यकर्ताओं से अफवाहों से दूर रहने की अपील की।






















