Bihar Election 2025: बिहार चुनावी सरगर्मी के बीच एक विवादित ट्वीट ने कांग्रेस पार्टी को असहज स्थिति में ला दिया है। कांग्रेस की सहयोगी पार्टी आरजेडी तक ने नाराजगी जताई और भाजपा-जेडीयू ने इसे बिहारियों का अपमान करार दिया। मामला उस समय तूल पकड़ गया जब कांग्रेस की केरल इकाई के सोशल मीडिया हैंडल से एक पोस्ट किया गया—“Bidis and Bihar begin with B. Cannot be considered a sin any more।” इस पोस्ट को जीएसटी में तंबाकू उत्पादों पर टैक्स बढ़ोतरी से जोड़ते हुए बिहार विधानसभा चुनावों पर तंज कसने की कोशिश के तौर पर देखा गया। लेकिन यह प्रयास कांग्रेस के लिए भारी पड़ गया।
विवाद बढ़ने के बाद ट्वीट को डिलीट किया गया और शनिवार को केरल कांग्रेस के सोशल मीडिया हेड ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सनी जोसेफ ने मीडिया से कहा कि यह ट्वीट एक गलती थी और भविष्य में ऐसी लापरवाही नहीं दोहराई जाएगी। उन्होंने बताया कि पूरी सोशल मीडिया टीम को नए सिरे से गठित किया जाएगा। पार्टी के सोशल मीडिया प्रभारी वी.टी. बलराम ने भी कहा कि यह पोस्ट उनकी जानकारी के बिना किया गया और उन्होंने पद छोड़ने की इच्छा जताई।
इस विवाद ने आलाकमान को भी झकझोर दिया। ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी (AICC) ने केरल प्रदेश कांग्रेस से नाराजगी जताई। बिहार की राजनीति में भाजपा-जेडीयू ने इसे कांग्रेस की “मानसिकता का आईना” बताया, वहीं आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने कांग्रेस से औपचारिक माफी की मांग की।






















