राहुल गाँधी और तेजस्वी यादव की वोटर अधिकार यात्रा (Voter Adhikar Yatra) में आज तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी भी शामिल हुए। इसको लेकर एनडीए नेताओं ने कांग्रेस पर बिहार का अपमान करने और बार-बार राज्य को निशाना बनाने का आरोप लगाते हुए तीखे जवाब दिए।
बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि कांग्रेस हमेशा से बिहार को गाली देती आई है और रेवंत रेड्डी के बयान को जनता कभी माफ नहीं करेगी। उन्होंने प्रियंका गांधी पर निशाना साधते हुए पूछा कि क्या वह बताएंगी कि उनकी दादी इंदिरा गांधी ने कैसे बिहार को लूटा, उनके पिता राजीव गांधी ने आरक्षण का विरोध क्यों किया और उनकी दादी के पिता ने दलित आरक्षण का विरोध क्यों किया। सम्राट चौधरी ने राहुल गांधी पर भी हमला बोला और कहा कि उन्होंने लालू प्रसाद यादव के बिल को फाड़कर साबित कर दिया कि वे गंभीर राजनीति करने लायक नहीं हैं।
ममता बनर्जी ने कहा- सबसे बड़े घोटाले यूपी, महाराष्ट्र और बिहार में हुए.. चुनाव आयोग भी दी नसीहत
दूसरे डिप्टी CM विजय कुमार सिन्हा ने भी कांग्रेस और राजद पर तीखा वार किया। उन्होंने कहा कि इन दलों को न तो देश की संस्कृति की समझ है और न ही अपने DNA का ज्ञान। बिहार, अखंड भारत का निर्माता है और इसके बिना देश का इतिहास अधूरा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दल लगातार बिहारियों का अपमान करते हैं और उनकी संस्कृति को कमजोर करने की कोशिश करते हैं।
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस दशकों तक गरीबों का वोट चुराती रही है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की राजनीति पहले “चोरी करना और फिर सीना जोरी करना” जैसी है। धर्मेंद्र प्रधान ने आरोप लगाया कि रेवंत रेड्डी बिहार का अपमान करते हैं और राहुल गांधी उन्हें साथ लेकर घूमते हैं। उन्होंने कांग्रेस से मांग की कि बिहारियों का अपमान करने के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगी जाए।






















