बिहार की राजनीति और प्रशासन इन दिनों एक नए सख्त तेवर के दौर से गुजर रहा है, जिसकी सबसे बड़ी वजह उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा (Vijay Sinha Bihar) की सक्रिय और निर्णायक कार्यशैली मानी जा रही है। तीन अहम विभागों की जिम्मेदारी संभाल रहे विजय सिन्हा ने यह साफ कर दिया है कि अब लापरवाही और भ्रष्टाचार के लिए सिस्टम में कोई जगह नहीं होगी। राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग, खान एवं भूतत्व विभाग और नगर विकास एवं आवास विभाग जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में उनकी सीधी निगरानी ने प्रशासनिक अमले में हलचल पैदा कर दी है।
राजस्व विभाग में लंबे समय से चली आ रही शिकायतों पर विजय सिन्हा का रुख बेहद सख्त नजर आ रहा है। भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ की जा रही कार्रवाई ने यह संकेत दे दिया है कि सरकार केवल कागजी घोषणाओं तक सीमित नहीं रहना चाहती, बल्कि जमीन पर बदलाव दिखाने के मूड में है। भूमि विवाद, अवैध खनन और शहरी अव्यवस्थाओं जैसे मुद्दों पर उनकी सक्रियता आम लोगों के लिए राहत की खबर बनकर सामने आ रही है।
जमुई में पूर्व नक्सली कमांडर लखन यादव की हत्या.. बदमाशों ने देर शाम गोलियों से भूना
इसी क्रम में भाजपा राजनीतिक प्रति पुष्टि एवं प्रतिक्रिया विभाग के प्रदेश संयोजक राजीव रंजन ने उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा से मुलाकात कर उनके कार्यों की सराहना की। इस मुलाकात को केवल औपचारिक नहीं, बल्कि राजनीतिक और प्रशासनिक संदेश के रूप में देखा जा रहा है। राजीव रंजन ने कहा कि विभिन्न जिलों में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रमों के माध्यम से आम जनता की समस्याओं को सीधे सुनना और उनके समाधान की पहल करना प्रशासनिक अराजकता पर नियंत्रण की दिशा में एक मजबूत कदम है।
उन्होंने यह भी कहा कि विजय सिन्हा की सक्रियता से आम लोगों में एक नया भरोसा पैदा हुआ है। जनता को यह महसूस होने लगा है कि सरकार उनकी आवाज सुन रही है और समस्याओं पर त्वरित कार्रवाई हो रही है। बिहार में सुशासन की अवधारणा को जमीन पर उतारने का यह प्रयास जनता के बीच सकारात्मक संदेश दे रहा है।
राजीव रंजन के अनुसार, भाजपा नीत सरकार सुशासन और विकास को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों पर जनता का विश्वास लगातार मजबूत हो रहा है। जनकल्याणकारी योजनाओं और प्रशासनिक सख्ती के कारण बिहार हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने भरोसा जताया कि इसी रफ्तार से राज्य विकास की राह पर लगातार आगे बढ़ता रहेगा और विजय सिन्हा जैसी कार्यशैली सरकार की छवि को और मजबूत करेगी।






















