2020 के बिहार विधानसभा (Bihar Election 2020) चुनाव ने जहां एक ओर जोरदार मुकाबला देखा, वहीं कुछ सीटों पर जीत का अंतर इतना बड़ा था कि उसने चुनावी समीकरण को पूरी तरह से बदलकर रख दिया। इन सीटों पर उम्मीदवारों ने अपनी शानदार जीत से यह साबित कर दिया कि बिहार की राजनीति में अब हर वोट की अहमियत बढ़ चुकी है। आज हम बात करेंगे उन 4 सीटों की, जहां जीत का अंतर 50 हजार से अधिक था।
- बलरामपुर विधानसभा सीट पर महबूब आलम की ऐतिहासिक जीत
2020 में बलरामपुर विधानसभा सीट पर सीपीआई (माले) के उम्मीदवार महबूब आलम ने चुनावी इतिहास रचते हुए 1,04,489 वोट प्राप्त कर VIP के वरुण कुमार झा को 53,597 वोट के भारी अंतर से हराया। यह अंतर न केवल महबूब आलम के लिए, बल्कि पूरे सीपीआई (माले) के लिए एक बड़ी उपलब्धि साबित हुआ। 2015 के चुनाव में भी महबूब आलम ने BJP के वरुण कुमार झा को 20,419 वोट के अंतर से हराया था, लेकिन 2020 में यह जीत और भी बड़े अंतर से हुई।
- अमौर विधानसभा सीट पर AIMIM की बड़ी जीत
अमौर विधानसभा सीट पर AIMIM के अख्तरुल इमान ने JDU की सबा जफर को 52,515 वोट के विशाल अंतर से हराया। अख्तरुल इमान को इस चुनाव में 94,459 वोट मिले, जबकि सबा जफर को केवल 41,944 वोट ही मिल सके। AIMIM ने इस सीट पर जीत हासिल कर बिहार में अपनी राजनीतिक स्थिति को और मजबूत किया। अमौर सीट पर अब तक 17 बार चुनाव हो चुके हैं, जिसमें दो उपचुनाव भी शामिल हैं। यहां कांग्रेस ने 8 बार, निर्दलीय ने 4 बार और BJP तथा समाजवादी पार्टी ने एक-एक बार जीत दर्ज की है। 2020 के विधानसभा चुनाव AIMIM ने पहली बार अमौर सीट जीती।
- ब्रह्मपुर विधानसभा सीट पर RJD की शानदार वापसी
ब्रह्मपुर विधानसभा सीट पर 2020 के चुनाव में RJD के शंभूनाथ यादव ने LJP के हुलास पांडे को 51,141 वोट के विशाल अंतर से हराया। शंभूनाथ यादव ने इस सीट पर 90,176 वोट प्राप्त किए, जबकि हुलास पांडे को केवल 39,035 वोट मिले। यह जीत शंभूनाथ यादव के लिए एक बड़ी राजनीतिक सफलता रही, क्योंकि 2015 में उन्होंने BJP के विवेक ठाकुर को 30,776 वोट के अंतर से हराया था। इसके बाद 2020 के चुनाव में बड़ी जीत से RJD ने इस सीट पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली।
- संदेश विधानसभा सीट पर RJD का विजय रथ
संदेश विधानसभा सीट पर भी 2020 के चुनाव में RJD की जीत हुई, जहां किरण देवी ने JDU विजेंद्र यादव को 50,607 वोट के अंतर से हराया। किरण देवी को इस चुनाव में 79,599 वोट मिले, जबकि विजेंद्र यादव को केवल 28,992 वोट ही मिल सके। 2015 में भी संदेश विधानसभा सीट पर राजद की ही जीत हुई थी। तब अरुण कुमार यादव ने BJP के संजय सिंह को 25,427 वोट के अंतर से हराया था। अरुण कुमार यादव को इस चुनाव में 74,306 वोट मिले, जबकि संजय सिंह को केवल 48,879 वोट ही मिल सके।






















