बिहार विधानसभा चुनाव (Bihar Election 2025) में अब सियासी हलचलें चरम पर हैं। इसी बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और लोजपा (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान की मुलाकात ने राजनीतिक तापमान को और बढ़ा दिया है। शनिवार को दिल्ली में हुई इस मुलाकात को बिहार चुनाव की दृष्टि से बेहद अहम माना जा रहा है। दोनों नेताओं के बीच आगामी चुनाव की रणनीति, सीट प्रबंधन और प्रचार अभियान पर विस्तार से चर्चा हुई।
मुलाकात के बाद केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने मीडिया से बातचीत में कहा कि एनडीए (NDA) में सबकुछ स्पष्ट और एकजुट है। उन्होंने यह भी दावा किया कि उनकी पार्टी इस बार भी 100 प्रतिशत स्ट्राइक रेट हासिल करने के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरी है। चिराग ने कहा, “एनडीए गठबंधन पूरी मजबूती से आगे बढ़ रहा है। सीट बंटवारे को लेकर कोई भ्रम नहीं है। भाजपा और जदयू ने बड़े दिल से हमारे साथ समन्वय किया है।”
CPI-ML ने जारी की उम्मीदवारों की सूची.. दो चरणों में 20 सीटों पर उतारे उम्मीदवार
उन्होंने महागठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि जहां एक ओर राजद, कांग्रेस और वामदलों के बीच सीट बंटवारे को लेकर असमंजस जारी है, वहीं एनडीए में संगठन और रणनीति दोनों मजबूत हैं। उन्होंने कहा कि “महागठबंधन के नेता एक-दूसरे की दावेदारी काटने में व्यस्त हैं। जिस गठबंधन में मुख्यमंत्री पद को लेकर ही संशय हो, वह बिहार को स्थिर नेतृत्व कैसे देगा?”
चिराग पासवान ने तेजस्वी यादव पर भी तंज कसते हुए कहा कि “जब गठबंधन के अपने साथी ही तेजस्वी को नेता नहीं मान रहे, तो जनता उनसे उम्मीद क्यों करेगी?” उन्होंने आगे कहा कि विपक्ष के भीतर मतभेद और असंतोष चरम पर हैं, जबकि एनडीए एक लक्ष्य के साथ चुनावी मैदान में उतरा है।
उन्होंने जानकारी दी कि वह गोविंदगंज जा रहे हैं, जहां उनके प्रत्याशी राजू तिवारी के नामांकन के अवसर पर जनसभा आयोजित की जाएगी। चिराग ने विश्वास जताया कि एनडीए इस बार ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगा और बिहार की जनता फिर से स्थिर और विकासवादी सरकार चुनेगी।
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए एनडीए का सीट फार्मूला अब पूरी तरह तय हो चुका है। भाजपा और जदयू 101-101 सीटों पर, जबकि लोजपा (रामविलास) को 29 सीटें दी गई हैं। वहीं हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) और राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) को छह-छह सीटें मिली हैं। यह तालमेल दिखाता है कि एनडीए ने चुनाव से पहले अपने गठबंधन को स्पष्ट और संगठित रूप में पेश किया है।






















