बिहार विधानसभा चुनाव 2025 का सियासी तापमान अब पूरी तरह चरम पर है। सभी दल अपने-अपने स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी कर चुनावी माहौल को और तीखा बना रहे हैं। इसी क्रम में भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपने 40 स्टार प्रचारकों की आधिकारिक सूची जारी कर दी है। इस सूची में राष्ट्रीय राजनीति से लेकर भोजपुरी सिनेमा तक के बड़े नाम शामिल किए गए हैं, जिससे यह साफ है कि बीजेपी इस बार हर वर्ग और हर क्षेत्र में अपनी पकड़ मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है।
बिहार विधानसभा चुनाव 2025: पूर्णिया की धमदाहा और रुपौली सीटों पर राजद के दांव मजबूत
पार्टी द्वारा जारी सूची में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी जैसे राष्ट्रीय नेताओं के नाम शामिल हैं। वहीं राज्यों से भी कई प्रमुख चेहरों को जगह दी गई है—उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, मध्य प्रदेश के मोहन यादव, असम के हिमंत बिस्वा सरमा, महाराष्ट्र के देवेंद्र फडणवीस और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को भी सूची में शामिल किया गया है।

दिलचस्प बात यह है कि इस लिस्ट में भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के चार लोकप्रिय सितारे भी शामिल हैं—पवन सिंह, मनोज तिवारी, निरहुआ (दिनेश लाल यादव) और रवि किशन। खास बात यह है कि पवन सिंह ने अब तक औपचारिक रूप से पार्टी की सदस्यता नहीं ली है, फिर भी उन्हें “भाजपा का सच्चा सिपाही” बताते हुए पार्टी ने स्टार प्रचारकों की लिस्ट में जगह दी है। माना जा रहा है कि भोजपुरी सिनेमा के इन चेहरों के जरिए भाजपा पूर्वी बिहार और सीमांचल क्षेत्रों में युवाओं और मनोरंजन जगत के प्रशंसकों तक अपनी पहुंच बढ़ाना चाहती है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, पहले चरण के चुनाव में योगी आदित्यनाथ की सभाओं की संख्या सबसे अधिक होगी। कई प्रत्याशियों ने उनकी रैली की मांग भाजपा नेतृत्व से की है, क्योंकि योगी की लोकप्रियता और संगठन क्षमता को पार्टी बिहार में एक प्रभावशाली प्रचारक के रूप में देखती है।
बिहार में दो चरणों में 6 और 11 नवंबर को मतदान होना है। ऐसे में भाजपा ने अपने प्रचार अभियान की शुरुआत “टॉप लेवल से ग्राउंड लेवल” तक एकसाथ करने की तैयारी कर ली है। स्टार प्रचारकों की यह टीम आने वाले हफ्तों में पूरे बिहार का दौरा करेगी और एनडीए के लिए माहौल बनाने का काम करेगी।






















