Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 का माहौल अब पूरी तरह गर्म हो चुका है। राज्य की सियासत में नया समीकरण बनाने के इरादे से उतरे जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर आज अपनी पार्टी की पहली उम्मीदवार सूची जारी करने जा रहे हैं। राजनीतिक हलकों में इसे जन सुराज की चुनावी यात्रा का औपचारिक आरंभ माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि इस पहली लिस्ट में करीब 40 सुरक्षित सीटों पर उम्मीदवारों के नाम शामिल होंगे।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, सूची में उन चेहरों को प्राथमिकता दी जा रही है जिन्होंने पीके की पदयात्रा के दौरान जन आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाई। इनमें शिक्षित युवाओं, समाजसेवियों, किसानों से जुड़े कार्यकर्ताओं और स्थानीय स्तर पर प्रभावशाली लोगों को टिकट मिल सकता है। यह जन सुराज की उस रणनीति को भी दर्शाता है जिसके तहत पार्टी पारंपरिक राजनीति से अलग “जनभागीदारी मॉडल” को बढ़ावा देना चाहती है।
अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या प्रशांत किशोर खुद भी इस पहली सूची में उम्मीदवार के तौर पर शामिल होंगे या नहीं। हालांकि उन्होंने अब तक औपचारिक रूप से अपनी सीट की घोषणा नहीं की है, लेकिन चर्चा है कि वे सासाराम की करगहर सीट से मैदान में उतर सकते हैं। करगहर सीट ब्राह्मण बहुल मानी जाती है और यहां दूसरे चरण में 11 नवंबर को मतदान होना है।
करीब एक महीने पहले दिए एक इंटरव्यू में प्रशांत किशोर ने इशारा किया था कि वे केवल दो जगहों से चुनाव लड़ सकते हैं- अपनी जन्मभूमि करगहर या कर्मभूमि राघोपुर से। उन्होंने यह भी कहा था कि अगर वे चुनाव लड़ेंगे तो किसी बड़े नेता के खिलाफ ही उतरेंगे। इसी बयान ने यह अटकल और तेज कर दी है कि क्या वे तेजस्वी यादव के खिलाफ चुनाव मैदान में उतरने की तैयारी कर रहे हैं।






















