Tejashwi Yadav CM Face Confirm: लगातार चल रही खींचतान और मतभेदों के बाद आखिरकार महागठबंधन ने डैमेज कंट्रोल करते हुए बड़ा फैसला लिया है। आरजेडी के नेता तेजस्वी यादव को आधिकारिक तौर पर मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया जाएगा। कांग्रेस, वाम दल और अन्य सहयोगी पार्टियां आज होटल मौर्य में होने वाली संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस घोषणा पर मुहर लगाएंगी। इसके साथ ही गठबंधन का साझा घोषणा पत्र जारी किया जाएगा, जिसमें “आर्थिक न्याय” और “युवा सशक्तिकरण” पर विशेष फोकस रहेगा।
तेजस्वी यादव के नेतृत्व में महागठबंधन “चलो बिहार, बदलें बिहार” के नारे के साथ चुनावी मैदान में उतरेगा। सूत्रों के अनुसार, घोषणा पत्र में बेरोजगारी, किसानों की आय, शिक्षा और स्वास्थ्य सुधार से जुड़ी प्रमुख नीतियों को शामिल किया गया है। इस दस्तावेज़ के ज़रिए महागठबंधन यह संदेश देना चाहता है कि वह सिर्फ सत्ता नहीं, बल्कि ‘संवेदनशील प्रशासन’ देने का वादा कर रहा है।
मोहनिया से श्वेता सुमन का नामांकन हुआ रद्द तो रातों रात तेजस्वी यादव ने किया खेल!
पिछले कुछ हफ्तों से कांग्रेस और राजद के बीच मुख्यमंत्री पद और सीट बंटवारे को लेकर चल रही तनातनी अब लगभग खत्म मानी जा रही है। बताया जा रहा है कि बुधवार को कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव से मुलाकात कर तमाम विवादों पर विराम लगाने की पहल की। इस बैठक में कांग्रेस के बिहार प्रभारी कृष्णा अल्लावरु भी मौजूद थे। इस मुलाकात के बाद मतभेदों की स्थिति में उल्लेखनीय सुधार हुआ है और अब कांग्रेस तेजस्वी के नेतृत्व को स्वीकार करने को तैयार दिख रही है।

सूत्र बताते हैं कि कांग्रेस पहले तेजस्वी को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित करने से हिचकिचा रही थी, जबकि आरजेडी का पूरा प्रचार अभियान “तेजस्वी सरकार” के नारे पर टिका था। अब कांग्रेस ने इस मुद्दे पर लचीलापन दिखाया है और सीट वितरण में संतुलन की मांग पर ज़ोर दिया है। यही कारण है कि बुधवार को हुई बातचीत के बाद “दोस्ताना मुकाबला” महज कुछ सीटों तक सिमट गया है।
जानकारी के मुताबिक, महागठबंधन की प्रेस कॉन्फ्रेंस न केवल तेजस्वी यादव की उम्मीदवारी की औपचारिक घोषणा का मंच होगी, बल्कि यह विपक्ष की एकजुटता का भी प्रतीक बनेगी। इस कार्यक्रम से सीट बंटवारे की स्थिति और संयुक्त प्रचार अभियान की रूपरेखा भी स्पष्ट हो जाएगी।






















