बिहार विधानसभा चुनाव (Bihar Election 2025) में NDA ने बहुमत का आंकड़ा पार करते ही राजनीतिक माहौल पूरी तरह बदल दिया है। चुनावी दौर में विपक्ष की ओर से उठाए गए सवालों और आरोपों के बीच NDA नेताओं के सुर में एक ही बात बार-बार सुनाई देती रही—“जनता ने विकास पर मुहर लगा दी है।”
इस प्रचंड जीत का श्रेय जहां भावनाओं, नेतृत्व और नीतियों को दिया जा रहा है, वहीं इसका राजनीतिक संदेश स्पष्ट है कि बिहार की जनता स्थिरता और विकास की राजनीति के साथ खड़ी है।
HAM (से) के राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष कुमार सुमन ने नतीजों को “जनता की जीत” बताते हुए कहा कि NDA सरकार बिहार में नए उद्योग, रोजगार और बुनियादी सुधारों के जरिए एक नए विकास मॉडल का निर्माण करेगी। उनका कहना था कि विपक्ष बेवजह भ्रम फैलाने में लगा था, लेकिन बिहार की जनता ने सच का साथ दिया।
केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने NDA की भारी बढ़त को अपेक्षित बताया। उन्होंने नीतीश कुमार के नेतृत्व में महिलाओं को मिली नई ताकत और MSME स्तर पर शुरू किए गए अनेक कार्यों को इस जनादेश की नींव बताया। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता ने अपने विवेक से तय कर दिया है कि विकास का रास्ता सही दिशा में है।
LJP(रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने परिणाम को “डबल इंजन सरकार की पुनर्पुष्टि” कहा। उन्होंने जनता का धन्यवाद करते हुए कहा कि यह जनादेश उन सभी सवालों का जवाब है, जो नीतीश कुमार के नेतृत्व या केंद्र-राज्य संबंधों पर उठते थे। चिराग ने यह भी स्पष्ट किया कि पांच दलों का यह गठबंधन अब आगे बिहार को तेज़ गति से विकास की राह पर ले जाएगा।
बिहार में NDA को बढ़त.. BJP ऑफिस में जश्न, पीएम मोदी और अमित शाह में दिया संदेश
भाजपा नेता राजीव प्रताप रूडी ने विपक्ष के बयानबाज़ी पर टिप्पणी करते हुए कहा कि हार के बाद blame game शुरू होना कांग्रेस की हताशा का प्रतीक है। उनका कहना था कि अगर विपक्ष हार के कारणों का वास्तविक विश्लेषण करता, तो बिहार की राजनीति के लिए बेहतर होता।
JDU नेता लवली आनंद ने महिलाओं की निर्णायक भूमिका को खासतौर पर रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि बालिकाओं की सुरक्षा, शिक्षा और महिलाओं की भागीदारी को बढ़ाने के लिए जो कदम नीतीश सरकार ने लिए, उसका सीधा असर आज के नतीजों में दिख रहा है। विपक्ष की तिकड़मों को जनता ने साफ तौर पर खारिज कर दिया।
केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह (ललन सिंह) ने इस जीत को विकास और नेतृत्व पर जनता की मुहर बताया। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार की कार्यशैली को जनता ने फिर से भरोसे के योग्य साबित किया है और अगले पांच सालों में विकास का पैमाना और ऊंचा होगा।
बांकीपुर विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी माननीय नितिन नवीन ने एक बार फिर रिकॉर्ड जीत हासिल करते हुए विपक्ष को 51936 वोटों के बड़े अंतर से पराजित किया। 98,299 मत प्राप्त कर नितिन नवीन ने लगातार पाँचवीं बार 50 हज़ार से अधिक मत हासिल कर जीत का परचम लहराया।
विजय के बाद बांकीपुर की जनता के प्रति आभार व्यक्त करते हुए माननीय नितिन नवीन ने कहा यह जीत बांकीपुर की देव्यतुल्य जनता की जीत है। यह जनता के विश्वास, उम्मीद और आशीर्वाद की जीत है। मैं बांकीपुर की जनता को हृदय से नमन करता हूं कि उन्होंने एक बार फिर मुझे सेवा का अवसर दिया।
उन्होंने आगे बिहार की जनता के प्रति भी आभार प्रकट करते हुए कहा मैं पूरे बिहार की जनता का धन्यवाद करता हूं, जिन्होंने एक बार फिर अफवाह, जातिवाद, भ्रम और जंगलराज की राजनीति से ऊपर उठकर विकास, स्थिरता और सुशासन को चुना है। इस चुनाव ने साबित कर दिया कि बिहार अब पीछे मुड़ने को तैयार नहीं है।
माननीय नितिन नवीन ने NDA की प्रचंड सफलता का उल्लेख करते हुए कहा कि बिहार में NDA की 215 सीटों पर ऐतिहासिक विजय यह स्पष्ट दिखाती है कि जनता ने परिवारवाद और नकारात्मक राजनीति को पूरी तरह खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा यह जीत माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी और माननीय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी के नेतृत्व में चल रहे विकास कार्यों और सुशासन का प्रमाण है। दोनों नेताओं ने बिहार को प्रगति की नई दिशा दी है।
उन्होंने कहा कि बांकीपुर और बिहार के लोगों ने एकजुट होकर यह संदेश दिया है कि अब राज्य में केवल विकास की राजनीति ही स्वीकार्य है। बांकीपुर की इस ऐतिहासिक जीत ने यह साबित कर दिया है कि जनता विकास, भरोसा और सेवा के साथ खड़ी है और आने वाले समय में यह विश्वास और मजबूत होगा। उल्लेखनीय हो कि साल 2006, 2010, 2015, 2020 एव 2025 में 50 हजार से अधिक मत प्राप्त कर जीत हासिल की है।






















