Rajesh Ram statement on Voter List Bihar: बिहार की सियासत इन दिनों और ज्यादा गरमा गई है। राजीव गांधी की जयंती के अवसर पर पटना स्थित सदाकत आश्रम में कांग्रेस नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी और वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया। इस मौके पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने न सिर्फ पार्टी की मजबूती का संदेश दिया बल्कि विपक्ष और केंद्र सरकार पर तीखे सवाल भी खड़े किए।
रंजू देवी विवाद पर अपनी बात रखते हुए राजेश राम ने कहा कि केवल एक रंजू देवी की बात करना सही नहीं है। उनके साथ कई अन्य महिलाओं के नाम भी मतदाता सूची से हटाए गए हैं, जिन पर चर्चा होनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि बिहार के जननायक कर्पूरी ठाकुर की तरह राहुल गांधी भी अपने कार्यों के जरिए आज देश के जननायक बन चुके हैं। उनका तर्क था कि कोई एक ही जननायक नहीं हो सकता, अलग-अलग समय में अलग-अलग नेता जनता के नायक बनते हैं। उन्होंने बीजेपी से सवाल पूछा कि उनकी पार्टी में कौन जननायक है?
राजेश राम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गयाजी दौरे को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यह कहने को तो सरकारी कार्यक्रम है, लेकिन असल में पार्टी का काम सरकारी खर्च पर किया जा रहा है। उन्होंने याद दिलाया कि 2015 में बोधगया में पीएम मोदी ने गयाजी को “विश्व की आध्यात्मिक राजधानी” बनाने का वादा किया था, लेकिन आज तक यह सपना पूरा नहीं हो पाया। प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि बोधगया में आज सैकड़ों साल पुराने पेड़ काटे जा रहे हैं और सरकार इस पर चुप है।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री अब तक बिहार में 50 से अधिक सभाएं कर चुके हैं, लेकिन बाढ़ नियंत्रण और चीनी मिल खोलने जैसे वादे अधूरे ही रह गए हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस बार पीएम मोदी जब गयाजी आएंगे तो इन मुद्दों पर भी जवाब देंगे।
Voter Adhikar Yatra Controversy: संजय सरावगी का राहुल गांधी और तेजस्वी पर हमला
तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री चेहरे के सवाल पर राजेश राम ने कहा कि पहले बीजेपी अपने सीएम उम्मीदवार का नाम घोषित करे, उसके बाद हम भी करेंगे। उन्होंने तंज कसा कि बीजेपी चाहें तो चिराग पासवान को सीएम फेस घोषित कर दे, क्योंकि वे खुद को “सीएम मैटेरियल” बताते रहे हैं। उन्होंने कहा कि तेजस्वी और राहुल गांधी की जोड़ी बिहार की राजनीति में नया संदेश दे रही है और तस्वीरें ही सब बयान कर रही हैं।
इस मौके पर कांग्रेस नेता अभय दुबे ने भी केंद्र सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि आज SIR (Special Identity Registration) के नाम पर वोट चोरी की जा रही है। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी ने देश को संचार क्रांति के साथ कई अधिकार दिए और आज राहुल गांधी पिछड़ों और दलितों को उनके हक दिलाने की लड़ाई लड़ रहे हैं।






















