बिहार विधानसभा चुनाव (Bihar Election 2025) जैसे-जैसे करीब आ रहे हैं, राज्य की सियासी गर्मी लगातार बढ़ती जा रही है। इसी बीच बिहार शरीफ से भाजपा विधायक एवं वन, पर्यावरण और जलवायु परिवर्तन मंत्री डॉ. सुनील कुमार के नामांकन सभा में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का भाषण सुर्खियों में है। अपने संबोधन में उन्होंने न सिर्फ लालू परिवार पर करारा हमला बोला, बल्कि बिहार में एनडीए सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए विकास का नया एजेंडा पेश किया।
रेखा गुप्ता ने अपने भाषण में कहा, “जो व्यक्ति अपने परिवार को नहीं संभाल सकते, वे बिहार को कैसे संभालेंगे?” उनके इस बयान को लालू परिवार पर सीधा निशाना माना जा रहा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि “अब बिहार में लालटेन की जरूरत नहीं है, क्योंकि बिहार में मोदी जी का LED लाइट जल रहा है।” रेखा गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जोड़ी ने बिहार को एक नए विकास पथ पर ला खड़ा किया है।
दिल्ली की मुख्यमंत्री ने बिहार और दिल्ली के गहरे भावनात्मक संबंधों पर भी बात की। उन्होंने कहा कि दिल्ली में रहने वाले बिहार के लोगों को अब छठ पूजा के लिए बिहार लौटने की जरूरत नहीं है, क्योंकि दिल्ली सरकार ने यमुना तट पर छठ पर्व की विशेष व्यवस्था की है। “अब दिल्ली में भी यमुना नदी के तट पर छठी मइया की आराधना होगी, ताकि दिल्ली में रहने वाले बिहारी भाई-बहन अपनी परंपरा से जुड़े रहें,” उन्होंने कहा।
बिहार विधानसभा चुनाव 2025: बीजेपी ने जारी की दूसरी उम्मीदवार सूची
रेखा गुप्ता ने आगे कहा कि बिहार की जनता विकास चाहती है और एनडीए ने जो काम पिछले वर्षों में किया है, उसने राज्य की दिशा बदल दी है। “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राम मंदिर का निर्माण कराया और अब सीता मैया के मंदिर के निर्माण का संकल्प लिया है। ये सिर्फ धार्मिक आस्था नहीं बल्कि सांस्कृतिक पुनर्जागरण का प्रतीक है,” उन्होंने कहा।
उन्होंने यह भी दावा किया कि बिहार में अब रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे पर केंद्र और राज्य सरकार की संयुक्त योजनाएं असर दिखा रही हैं। “विकास की यह बयार रुकने वाली नहीं है, जनता अब ‘एलईडी बिहार’ देख रही है, न कि लालटेन युग का अंधकार,” उन्होंने जोश के साथ कहा।