बिहार में विधानसभा चुनाव के परिणाम (Bihar Election Result) सामने आ गए हैं। यहां एक तरफ एनडीए को बहुमत मिला है, तो वहीं दूसरी तरफ महागठबंधन को करारी हार का सामना करना पड़ा है। बहुमत मिलने के बाद एनडीए के घटक दलों के द्वारा विधायक दल का नेता चुनने की कवायद तेज कर दी गई है। इसके लिए लगातार बैठकें की जा रही है। वहीं दूसरी तरफ राजद नेता तेजस्वी यादव कल हार की समीक्षा करने के लिए अपनी पार्टी के नेताओं के साथ बैठक करेंगे।
बिहार चुनाव में बड़ी हार झेलने के बाद अब राष्ट्रीय जनता दल में मंथन का दौर है। बिहार चुनाव में बड़ी हार झेलने के बाद अब राष्ट्रीय जनता दल में मंथन की बारी है। इस बीच तेजस्वी यादव ने अब पार्टी के विधायकों और हारे हुए प्रत्याशियों की अहम बैठक पटना में बुलाई है। तेजस्वी यादव के पटना स्थित 1पोलो रोड पर सोमवार को दोपहर करीब 2 बजे राजद के प्रत्याशियों एवं निर्वाचित विधायकों की बैठक बुला गई है। इस बैठक में चुनाव परिणामों तथा संगठनात्मक गतिविधियों से जुड़े सभी महत्वपूर्ण बिंदुओं की विस्तृत समीक्षा की जाएगी।
नीतीश कुमार कल दे सकते हैं इस्तीफ़ा.. 18 से 20 नवंबर के बीच बन जाएगी नई सरकार !
बता दें कि राज्य की 243 सीटों में से सबसे ज्यादा बीजेपी ने 89 सीटें जीती हैं। वहीं सहयोगी दल जनता दल यूनाइटेड को 85 सीटें मिली हैं। एनडीए में शामिल चिराग पासवान की लोकजनशक्ति पार्टी (रामविलास ) को 19 सीटें मिली हैं। जीतनराम मांझी की हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (सेक्युलर) को पांच सीटें मिली हैं। उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी राष्ट्रीय लोक मोर्चा चार सीटें जीतने में सफल रही है।
राष्ट्रीय जनता दल का प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा। महागठबंधन का नेतृत्व कर रही पार्टी को सिर्फ 25 सीटों पर संतोष करना पड़ा है। वहीं सहयोगी दल कांग्रेस को छह सीटें मिली हैं। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माले) लिबरेशन को दो सीटें मिलीं। जबकि असदुद्दीन औवेसी की पार्टी एआईएमआईएम पांच सीटें जीतने में कामयाब रही। इंडियन इन्क्लुसिव पार्टी, माकपा और बहुजन समाज पार्टी को एक-एक सीट मिली है।






















