बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे चरण की वोटिंग से ठीक एक दिन पहले, सियासी माहौल में हलचल मचाने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल (BJP Candidate Viral Video) हो गया है। यह वीडियो पूर्वी चंपारण जिले के चिरैया विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी प्रत्याशी और मौजूदा विधायक लालबाबू प्रसाद गुप्ता का बताया जा रहा है। वीडियो में वह कथित तौर पर मतदाताओं को रुपये देते नजर आ रहे हैं। इस वायरल क्लिप ने न केवल जिले की राजनीति में भूचाल ला दिया है, बल्कि चुनाव आयोग की सख्ती पर भी सवाल उठने लगे हैं।
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि लालबाबू गुप्ता कुछ स्थानीय लोगों से घिरे हुए हैं और एक महिला को पैसे देते दिख रहे हैं। आसपास कुछ अन्य मतदाता भी मौजूद हैं। वीडियो सामने आते ही विपक्षी दलों ने बीजेपी और चुनाव आयोग दोनों पर निशाना साधना शुरू कर दिया है।
जैसे ही वीडियो वायरल हुआ, मोतिहारी पुलिस हरकत में आ गई। जिले के एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन मानते हुए पताही थाने में मामला दर्ज किया गया है। एसपी ने स्पष्ट किया कि चुनाव आयोग के निर्देश पर कार्रवाई की जा रही है और मामले की जांच जारी है।
इस बीच आरजेडी ने इस वीडियो को मुद्दा बनाते हुए बीजेपी पर तीखा हमला बोला है। पार्टी ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा, “चुनाव आयोग को छाती पर चढ़कर चिरैया का यह भ्रष्ट बीजेपी विधायक खुलेआम मतदाताओं को पैसा बांट रहा है लेकिन मजाल है कि बिका हुआ आयोग इसे रोक सके। दो डरपोक डकैत लोकतंत्र को आग में झोंक रहे हैं, लेकिन बिहार में यह गंदा खेल नहीं चलेगा।” इस बयान के साथ आरजेडी ने वीडियो क्लिप भी शेयर की, जो अब हजारों बार रीट्वीट की जा चुकी है।
अब सिवान में सड़क किनारे मिलीं VVPAT पर्चियां.. मनोज झा ने चुनाव आयोग को लिखा पत्र
यह विवाद तब और गहराता नजर आ रहा है जब एक दिन पहले ही लालबाबू प्रसाद गुप्ता का एक और वीडियो सामने आया था। उस वीडियो में एक मतदाता ने उनसे पूछा था कि जब पासपोर्ट वेरिफिकेशन के लिए थाने में पैसे देने पड़ते हैं, तो हम आपको वोट क्यों दें? इस सवाल पर गुप्ता ने विवादित बयान देते हुए कहा था कि “जो कोई भी मुझे घूसखोरी का आरोपी ठहराएगा, उसकी जुबान काट लेंगे।” इस बयान के बाद पहले ही विपक्षी दलों ने उन्हें घेरा हुआ था, और अब नया वीडियो बीजेपी के लिए चुनावी सिरदर्द बन गया है।






















