बिहार में नीतीश कुमार के नौवीं बार सीएम पद की शपथ लेने के बाद भी उनकी सरकार को लगातार अस्थिर बताया जा रहा है। गठबंधन ही नहीं मंत्रिमंडल में शामिल दलों की स्थिति बता रही है कि बिहार में नीतीश कुमार को 128 विधायकों का समर्थन प्राप्त है। लेकिन इसके बावजूद खेला होगा, खेल होगा, जिन्न निकलेगा… जैसे बयान देकर विधायकों, नेताओं ने अलग ही माहौल बनाया हुआ है। भाजपा अपने विधायकों के साथ बोधगया के कन्वेंशन में भाग लेने का प्रोग्राम क्या बनाया, बातें होने लगी कि बोधगया में विधायकों को रिजॉर्ट पॉलिटिक्स के तहत ले जाया जा रहा है। हालांकि इसका जवाब कोई नहीं दे रहा कि अगर विधायक पटना में सेफ नहीं हैं, तो बोधगया में कैसे रहेंगे? दूसरी ओर कांग्रेस अपने विधायकों को पहले दिल्ली ले गई और उसके बाद बिहार लौटने भी नहीं दिया, उन्हें सीधे हैदराबाद ले जाया गया है। हालांकि खबर यह भी आ रही है कि कांग्रेस के विधायकों की संख्या हैदराबाद में भी पूरी नहीं है।
बिहार विधानसभा में फ्लोर टेस्ट से पहले खरीद-बिक्री की चर्चा, कौन खरीदेगा?
दूसरी ओर नीतीश सरकार को अस्थिर बताने और फ्लोर टेस्ट में उसके फेल होने की आशंका जता रहे राजद विधायकों की स्थिति थोड़ी अलग है। राजद के पास कुल 79 विधायक हैं। गठबंधन के पास मौजूद विधायकों की संख्या भी बहुमत से दूर है। इसके बावजूद यह बात चर्चा में चल रही है कि राजद खेला करेगा। खेला कैसे करेगा, इसका फॉर्मूला न लालू यादव ने बताया है, न तेजस्वी यादव ने और न ही राजद के किसी दूसरे विधायक ने। इस सबसे अलग राजद के विधायकों को कभी पटना बुलाया जा रहा है तो कभी हर परिस्थिति के लिए तैयार रहने का मैसेज दिया जा रहा है।
माले के विधायक ने की पूर्व सीएम से मुलाकात, कहा बिहार में खेल दिखाएंगे मांझी
फ्लोर टेस्ट से पहले पटना और बोधगया में में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ी हुई है। जदयू-राजद ने अपने अपने विधायकों की बैठक बुलाई है। भोज का भी आयोजन हो रहा है। लेकिन चर्चा है कि कुछ विधायक नहीं पहुंचे हैं। जदयू के विधायक नहीं पहुंचने पर राजद के विधायक फतेह बहादुर सिंह का कहना है कि ये ट्रेलर है, पूरी कहानी बाकि है। तो दूसरी ओर अफवाहों का स्तर इस लेवल पर पहुंच गया है कि चर्चा यह चलने लगी है कि 10 करोड़ रुपए वाला खेल बिहार विधानसभा में जदयू, भाजपा और नीतीश कुमार का खेल बिगाड़ सकता है। अब इन अफवाहों में कितनी सच्चाई है, यह 12 फरवरी को ही पता चलेगा जब विधानसभा में सीएम नीतीश कुमार विश्वासमत प्रस्ताव पेश करेंगे।




















