डिजिटल दौर की इस तेज रफ्तार दुनिया में सोशल मीडिया सरकार और जनता के बीच संवाद का सबसे प्रभावी माध्यम बन चुका है। सूचनाओं की विश्वसनीयता और समयबद्धता आज किसी भी प्रशासन के लिए चुनौती भी है और अवसर भी। इसी क्षेत्र में बिहार ने एक नई पहचान बनाई है। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग (Bihar IPRD Social Media) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर फॉलोवर्स की संख्या और रीच के मामले में पूरे देश के कई बड़े राज्यों को पीछे छोड़ते हुए शीर्ष स्थान हासिल किया है। यह उपलब्धि न सिर्फ विभाग की सक्रियता को दर्शाती है बल्कि बिहार सरकार की डिजिटल उपस्थिति को नई मजबूती भी देती है।
नवीनतम आंकड़े यह संकेत देते हैं कि बिहार का सूचना एवं जनसंपर्क विभाग सोशल मीडिया पर संगठित, पेशेवर और परिणाम देने वाली रणनीति के साथ काम कर रहा है। विभाग के फेसबुक पेज को देशभर में सबसे अधिक 8,34,535 फॉलोवर्स मिले हैं, जो किसी भी राज्य के आधिकारिक विभागीय पेज से ज्यादा हैं। इसी तरह यूट्यूब पर 2,13,862 सब्सक्राइबर्स के साथ यह देश में दूसरे पायदान पर पहुंच चुका है। एक्स पर 4,91,089 फॉलोअर्स इसे देशभर में पांचवें स्थान पर रखते हैं, जबकि इंस्टाग्राम पर 68,633 फॉलोवर्स के साथ लगातार ग्रोथ देखी जा रही है। यह डेटा इस बात का प्रमाण है कि बिहार सरकार की डिजिटल सामग्री न केवल बड़ी संख्या में लोगों तक पहुंच रही है बल्कि दर्शकों के बीच विश्वसनीयता भी बना रही है।
नीतीश सरकार के नए मंत्रियों को आवास का आवंटन, जानिए किसे कहां मिला बंगला
गौरतलब है कि सूचना एवं जनसंपर्क विभाग राज्य सरकार के सभी 45 विभागों की वेबसाइटों को एकीकृत रूप से संचालित करता है। यह व्यवस्था सरकार की नीतियों, योजनाओं, रिपोर्टों और उपलब्धियों को आम नागरिकों तक बिना किसी देरी और भ्रम के पहुंचाने का एक मजबूत तंत्र तैयार करती है। अब विभाग इसमें और सुधार करते हुए वेबसाइटों के नए वर्जन को अधिक आकर्षक डिज़ाइन, आधुनिक फीचर्स और बेहतर यूज़र-एक्सपीरियंस के साथ जल्द लॉन्च करने जा रहा है। इससे सरकारी सूचनाओं की पहुंच और ज्यादा व्यापक तथा तेज होने की संभावना है।
मंगलवार को कार्यभार संभालने के बाद सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री विजय कुमार चौधरी ने विभाग का निरीक्षण किया और इसकी अहमियत पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने कहा कि यह विभाग सरकार की आंख, कान और स्वर की तरह काम करता है, जो योजनाओं, कार्यक्रमों और उपलब्धियों को सटीक और पारदर्शी तरीके से जनता तक पहुंचाता है। सचिव की ओर से मंत्री को बताया गया कि विभाग की सोशल मीडिया और पब्लिक रिलेशन टीम लगातार राज्य सरकार की नीतियों का प्रचार-प्रसार, जागरूकता अभियान और जनसंपर्क गतिविधियों को आधुनिक तकनीक के साथ संचालित कर रही है।
वर्तमान में सोशल मीडिया टीम में कुल 69 प्रशिक्षित सदस्य कार्यरत हैं, जो विभिन्न विभागों के लिए सोशल मीडिया एक्जीक्यूटिव के रूप में तैनात हैं। ये टीमें योजनाओं की जानकारी, आवेदन प्रक्रिया, सरकारी कार्यक्रमों की लाइव रिपोर्टिंग, फील्ड विजिट कवरेज जैसी सामग्रियों को जनता तक समय पर पहुंचाती हैं। साथ ही फॉलोवर्स में वृद्धि, पब्लिक एंगेजमेंट, व्यूज और रीच को लगातार बढ़ाने के लिए डिजिटल अभियानों पर रणनीतिक रूप से काम किया जाता है। यह न सिर्फ सरकारी कामकाज को जनता के निकट लाता है, बल्कि राज्य की छवि को भी अधिक पारदर्शी, आधुनिक और जवाबदेह बनाता है।






















