Bihar Politics: एक तरफ लैंड फॉर जॉब केस में लालू परिवार की कानूनी मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं, वहीं दूसरी ओर पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के आधिकारिक आवास को खाली करने की समयसीमा नज़दीक आने से सियासी सरगर्मी और तेज हो गई है। दो माह पहले भवन निर्माण विभाग ने 10 सर्कुलर रोड स्थित राबड़ी आवास को खाली करने का नोटिस जारी किया था। तब से इस बात पर चर्चा तेज है कि लालू परिवार आगे कहाँ शिफ्ट होगा। रविवार को इस प्रश्न का जवाब मिलता हुआ भी दिखाई दिया जब लालू प्रसाद यादव दिल्ली से लौटते ही एक्शन मोड में दिखे।
सुबह के समय लालू यादव पूरे काफिले के साथ राबड़ी आवास से निकले और सीधे दो जगहों पहुंचकर निर्माणाधीन मकानों का निरीक्षण किया। पहला ठिकाना राजधानी के कौटिल्य नगर इलाके में था, जबकि दूसरा स्थल महुआबाग स्थित निजी घर था। राजनीतिक सूत्रों का कहना है कि खरमास के बाद लालू परिवार राबड़ी आवास को खाली कर नए पते पर शिफ्ट हो जाएगा और इसके संकेत रविवार को साफ तौर पर देखे गए।
केसी त्यागी के लिए छलका RJD नेता का दर्द.. बोले- उन्हें दुरदुराया जा रहा, मुझे अच्छा नहीं लगा
दरअसल, विधान परिषद के नेता प्रतिपक्ष के लिए 39 हार्डिंग रोड आवंटित होने के बाद राबड़ी आवास को खाली करना अनिवार्य हो गया है। पहले यह कयास लगाए जा रहे थे कि परिवार सीधे महुआबाग के निजी मकान में जाएगा, परंतु ताज़ा जानकारियों के अनुसार यह तय माना जा रहा है कि परिवार कौटिल्य नगर में बन रहे आलीशान और आधुनिक सुविधाओं से लैस आवास में शिफ्ट होगा। लगभग तैयार यह मकान सुरक्षा के लिहाज से अधिक उपयुक्त बताया जा रहा है और इसका फिनिशिंग व इंटीरियर कार्य अंतिम चरण में है।






















