बिहार की राजनीति उस वक्त अचानक गर्मा गई जब विधान पार्षद बंशीधर ब्रजवासी (Bihar MLC Banshidhar Brajwasi) ने एक सड़क हादसे को सीधे अपनी हत्या की साजिश से जोड़ दिया। मामला सिर्फ एक एक्सीडेंट का नहीं रहा, बल्कि सवाल सिस्टम, सुरक्षा और प्रतिबंधों के पालन तक जा पहुंचा है। शनिवार रात दीघा–पहलेजा चेक पोस्ट के पास हुए इस हादसे के बाद एमएलसी का फेसबुक पर किया गया खुलासा अब गूगल सर्च और सोशल मीडिया पर तेजी से ट्रेंड कर रहा है।
घटना के मुताबिक, शनिवार रात करीब 9 बजे एमएलसी की सरकारी गाड़ी को एक तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। यह वही समय था जब बंशीधर ब्रजवासी अपनी पत्नी के इलाज के लिए दिल्ली रवाना हो चुके थे। उन्होंने पटना जंक्शन पर पत्नी को ट्रेन में बैठाया और इसके बाद उनकी सरकारी गाड़ी से अंगरक्षक और चालक मुजफ्फरपुर लौट रहे थे। तभी दीघा–पहलेजा चेक पोस्ट के समीप यह भीषण टक्कर हुई।
बंशीधर ब्रजवासी के अनुसार टक्कर इतनी भयावह थी कि गाड़ी का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। राहत की बात यह रही कि कार में लगे एयर बैग समय पर खुल गए, जिससे बड़ा जान-माल का नुकसान टल गया। एमएलसी का कहना है कि अगर वे खुद उस समय गाड़ी में होते, तो परिणाम कहीं ज्यादा गंभीर हो सकते थे। यही वजह है कि उन्होंने इस हादसे को महज संयोग मानने से इनकार कर दिया है।
विधानसभा अध्यक्ष ने 19 समितियों का किया गठन.. भाई वीरेंद्र को मिली बड़ी जिम्मेदारी
घटना के बाद देर रात एमएलसी ने अपने फेसबुक अकाउंट पर पोस्ट डालकर सीधे-सीधे हत्या की साजिश का आरोप लगाया। उन्होंने सबसे बड़ा सवाल यह उठाया कि जब दीघा पुल और उसके आसपास भारी वाहनों, खासकर ट्रकों के परिचालन पर रोक है, तो फिर वहां ट्रक आखिर कैसे चल रहा था। उनके मुताबिक, यह सिर्फ प्रशासनिक लापरवाही नहीं, बल्कि किसी गहरी साजिश की ओर इशारा करता है।
बंशीधर ब्रजवासी ने पूरे मामले की जानकारी सारण के पुलिस अधीक्षक को भी दी है और निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि एक जनप्रतिनिधि की सुरक्षा से जुड़ा मामला होने के बावजूद यदि प्रतिबंधित इलाके में ट्रक खुलेआम दौड़ रहे हैं, तो यह कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। वहीं, पुलिस की ओर से शुरुआती प्रतिक्रिया में पहलेजा थानाध्यक्ष अनुराधा कुमारी ने कहा है कि घटना की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई होगी। हालांकि अभी तक इस बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है कि यह दुर्घटना थी या किसी साजिश का हिस्सा।






















