Bihar News: संपत्ति का लालच इंसान को कहां तक गिरा सकता है, इसकी एक बेहद दुखद तस्वीर बिहार के मुंगेर जिले में देखने को मिली। यहाँ 84 वर्षीय सुदामा देवी के निधन के बाद उनके ही बेटों ने अंतिम संस्कार से पहले संपत्ति बंटवारे को लेकर झगड़ा शुरू कर दिया, जिसके चलते मां का शव छह घंटे तक श्मशान घाट पर पड़ा रहा।
सुदामा देवी के आठ पुत्र थे, जिनमें से दो की मृत्यु पहले ही हो चुकी थी। शनिवार रात साढ़े नौ बजे उनके निधन के बाद परिवार शव को सुल्तानगंज श्मशान घाट ले गया। लेकिन वहाँ पहुँचते ही छोटे बेटे लाल मोहन यादव ने संपत्ति के बंटवारे को लेकर विवाद खड़ा कर दिया। इसके बाद सभी भाई आपस में उलझ गए और कोई भी मुखाग्नि देने को तैयार नहीं हुआ।
स्थानीय लोगों ने जब यह दृश्य देखा तो पुलिस को सूचना दी। बरियारपुर थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार मौके पर पहुँचे और लाल मोहन को समझाया। अंततः रविवार रात आठ बजे (मृतक के निधन के करीब 22 घंटे बाद) लाल मोहन ने मुखाग्नि दी।