Bihar News बिहार के दरभंगा जिले के एपीएम थाना क्षेत्र के हाजीपुर गांव के पास अपराधियों ने एक स्वर्ण व्यवसायी की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान लहेरियासराय थाना क्षेत्र के दारुभट्ठी चौक निवासी राहुल कुमार (25 वर्ष) के रूप में हुई है। वह एपीएम थाना क्षेत्र के ब्राह्मत्रा चौक स्थित अपनी दुकान बंद कर घर लौट रहे थे, तभी अपराधियों ने उन पर गोली चला दी। घटना की सूचना मिलते ही एपीएम थाना सहित कई थानों की पुलिस मौके पर पहुँचकर जाँच में जुट गई है। फिलहाल इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
सरकारी कर्मचारियों को बड़ी खुशखबरी, आज से मिलेगा सितंबर का वेतन
बताया जाता है कि बुधवार की देर शाम राहुल अपनी सोने-चाँदी की दुकान बंद करके बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान थलवारा–लहेरियासराय मार्ग पर एक निजी स्कूल के पास बाइक सवार अपराधियों ने उन पर गोली चला दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। गोली चलने की आवाज सुनकर ग्रामीण घटनास्थल पर पहुँचे और घायल व्यवसायी को इलाज के लिए डीएमसीएच ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन डीएमसीएच पहुँच गए और रो-रोकर विलाप करने लगे। इस संबंध में एपीएम थानाध्यक्ष ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस दल घटनास्थल पर पहुँचा और जांच शुरू कर दी है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि इलाके के सीसीटीवी फुटेज की जाँच की जा रही है और शीघ्र ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।






















