पहले बिहार शिक्षा विभाग ने शिक्षकों के छुट्टो को लेकर ऑनलाइन मोड में अप्लाई करने का निर्देश दिया था। अब बिहार पुलिस में सिपाही से लेकर बड़े अधिकारियों तक को छुट्टी के लिए अब से ऑनलाइन मोड में अप्लाई करना होगा। 1 अगस्त से यह सिस्टम लागू होगा। एक अगस्त से छुट्टी की स्वीकृति का नया मॉड्यूल HRMS (ह्यूमन रिर्सोसेज मैनेजमेंट सिस्टम) लागू किया जा रहा है।
इस संबंध में सभी कर्मचारियों को जानकारी दे दी है। बताया जा रहा है कि नई व्यवस्था का पहले 10 दिनों तक ट्रायल होगा। सबकुछ सही रहने के बाद इसे रेगुलर कर दिया जाएगा। इसके दायरे में करीब एक लाख पुलिसकर्मी व पदाधिकारी आएंगे।
आदेश के अनुसार, 1 से 10 अगस्त तक नई व्यवस्था ट्रायल के आधार पर चलाई जाएगी। इसके बाद 11 अगस्त से कागजी आधार यानी ऑफलाइन मोड में अवकाश स्वीकृति पूरी तरह बंद हो जाएगी। सिर्फ ऑनलाइन ही अवकाश की स्वीकृति मिलेगी। नई व्यवस्था के जरिए थाना से लेकर कार्यालयों में पदस्थापित पुलिसकर्मियों और पदाधिकारियों की छुट्टी पर नजर रखना आसान होगा। इससे पारदर्शिता भी बढ़ेगी।
नई व्यवस्था में सभी पुलिस पदाधिकारियों व कर्मियों को एचआरएमएस पोर्टल पर अपने इंप्लाई आइडी से लाग-इन करना होगा। इसके लिए मोबाइल पर ओटीपी मिलेगा। अवकाश की आनलाइन आवेदन करते ही यह सक्षम प्राधिकार के पास पहुंच जाएगा। इसके दायरे में सिपाही से लेकर इंस्पेक्टर रैंक एवं समकक्ष तक सभी पुलिस पदाधिकारी, बिहार सचिवालय सेवा के लिपकीय सेवा के सदस्य तथा सचिवालय संवर्ग के कर्मी, अनुसचिवीय पदाधिकारी एवं कर्मी आएंगे।