Bihar Politics: विधानमंडल सत्र के दूसरे दिन AIMIM के प्रदेश अध्यक्ष और विधायक अख्तरुल इमान ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान ऐसा बयान दिया जिसने पूरे राजनीतिक गलियारे में हलचल मचा दी। उन्होंने कहा कि गरीब की पत्नी सबकी भौजाई होती है। उन्होंने RJD और कांग्रेस को नसीहत करते हुए कहा कि पिछली बार की तरह इस बार AIMIM के विधायकों को तोड़ने का प्रयास न किया जाए।
अख्तरुल इमान ने कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव में AIMIM के पाँच विधायक जीते थे, जिनमें से चार को RJD ने अपने खेमे में शामिल कर लिया। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या इस बार भी वही कहानी दोहराई जाएगी? क्योंकि राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि JDU, AIMIM के विधायकों पर डोरे डाल रही है। उन्होंने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि जो लोग खरीद-फरोख्त की राजनीति का खेल खेलना चाहते हैं, वे खुद टूट जाएंगे, लेकिन AIMIM का कोई विधायक टूटने वाला नहीं है।
RJD विधायक भाई वीरेंद्र का बड़ा दावा- बिहार में महाराष्ट्र मॉडल दोहराएगी BJP !
अख्तरुल इमान ने कहा कि “हमारे घर की तरफ देखने की कोशिश मत कीजिए, यह पहली बार वाली स्थिति नहीं है। AIMIM अब मजबूत है और कोई हमारे विधायक को तोड़ने का सपना न देखे। उन्होंने कांग्रेस पर भी जमकर हमला बोला और कहा कि AIMIM ने पहले कांग्रेस को सहयोग का प्रस्ताव दिया था, लेकिन कांग्रेस ने उसे स्वीकार नहीं किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को खुद होश नहीं है और हमें उपदेश दे रही है। कांग्रेस के अपने चार विधायक नाराज हैं, हमें टूटने वाला बता रहे हैं। पहले खुद संभलें।
गौरतलब है कि बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने RJD को समर्थन देने की बात कही थी, लेकिन RJD ने उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया। इसके बाद AIMIM ने शर्तों पर NDA को बाहर से समर्थन देने की बात कही थी, जिसमें सीमांचल के विकास पर विशेष फोकस की मांग शामिल थी।






















