चिराग पासवान (Chirag Paswan Bihar) की पार्टी लोजपा (रामविलास) ने बिहार विधानसभा में अपनी पकड़ और मजबूत करने के लिए संगठनात्मक स्तर पर बड़ा बदलाव किया है। पार्टी ने बलरामपुर से विधायक संगीता देवी को विधानसभा का मुख्य सचेतक नियुक्त किया है, जबकि डेहरी के विधायक राजीव रंजन सिंह को सचेतक बनाया गया है। इसके साथ ही ओबरा के विधायक प्रकाश चंद्र को विधायक दल का उपनेता नियुक्त कर पार्टी ने स्पष्ट कर दिया है कि वह आगामी सत्र में एक संगठित और आक्रामक रणनीति के साथ आगे बढ़ना चाहती है।
पार्टी के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव अब्दुल खालिक ने इन नियुक्तियों की औपचारिक जानकारी विधानसभा अध्यक्ष को पत्र लिखकर दे दी है। यह कदम ऐसे समय में उठाया गया है जब लोजपा(रामविलास) लगातार दूसरे चुनाव के बाद अपने प्रभाव को मजबूत राजनीतिक ताकत के रूप में दर्ज करा रही है।
बिहार चुनावों के बाद हुई विधायक दल की बैठक में गोविंदगंज के विधायक और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी को विधायक दल का नेता चुना गया था। पार्टी ने उनके नेतृत्व में लगातार दूसरे चुनाव में उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है।
एनडीए गठबंधन से तालमेल के साथ लड़े गए विधानसभा चुनाव में लोजपा(आर) को 29 सीटें मिली थीं, जिनमें से पार्टी ने 19 सीटों पर जीत दर्ज की। वहीं लोकसभा चुनाव में पार्टी ने अपनी सभी 5 सीटों पर विजय हासिल कर राजनीतिक विश्लेषकों को चौंका दिया था। यही वजह रही कि चिराग पासवान ने राजू तिवारी के नेतृत्व पर दोबारा भरोसा जताया और उन्हें सदन में जिम्मेदारी सौंपी।






















