Shreyasi Singh Bihar Minister: बिहार की नई सरकार बनने के बाद अब मंत्रियों ने अपने-अपने विभागों का कामकाज संभालना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में इस बार पहली बार नीतीश कैबिनेट में शामिल हुईं और दो बार की विधायक श्रेयसी सिंह ने भी अपने मंत्रालय का प्रभार ले लिया है। उन्हें सूचना प्रौद्योगिकी (IT) और खेल विभाग जैसा अहम मंत्रालय मिला है, जो आने वाले समय में बिहार के डिजिटल और स्पोर्ट्स मॉडल को बदलने में प्रभावी भूमिका निभा सकता है।
मंत्रालय संभालने के बाद श्रेयसी सिंह ने कहा कि यह जिम्मेदारी उनके लिए सम्मान के साथ बड़ी चुनौती भी है। उन्होंने साफ कहा कि यह विभाग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और सीएम नीतीश कुमार की प्राथमिकताओं में रहता है। इसलिए वे इस पर खरा उतरने के लिए पूरी ईमानदारी से काम करेंगी। उनके बयान से साफ झलक रहा था कि वे अपनी नई भूमिका को सिर्फ मंत्रालय नहीं बल्कि एक मिशन की तरह देख रही हैं।
श्रेयसी सिंह ने कहा कि खेल जगत का हिस्सा होने के नाते वे खिलाड़ियों की जरूरतों, चुनौतियों और संरचनात्मक समस्याओं से अच्छी तरह वाकिफ हैं। उन्होंने बताया कि वे जल्द ही एक विस्तृत ब्लूप्रिंट तैयार करेंगी, जिसके आधार पर खिलाड़ियों के प्रशिक्षण, बुनियादी ढांचे, उपकरण, सुविधाएं और स्पोर्ट्स पॉलिसी पर तेजी से काम होगा। उनका कहना था कि आने वाले समय में बिहार में खेल संस्कृति को नई दिशा दी जाएगी और प्रतिभाओं को उनकी मेहनत के अनुरूप प्लेटफॉर्म मिलेगा।
श्रेयसी सिंह सिर्फ खेल की पहचान नहीं हैं, बल्कि उनका राजनीतिक सफर भी कम रोचक नहीं रहा। जमुई के गिद्धौर राजघराने से जुड़ीं श्रेयसी पूर्व केंद्रीय मंत्री दिग्विजय सिंह की बेटी और पूर्व सांसद पुतुल कुमारी की पुत्री हैं। राजनीति और खेल—दोनों की मजबूत विरासत उनके साथ रही। 2018 कॉमनवेल्थ गेम्स में गोल्ड, 2014 में सिल्वर और एशियन गेम्स में ब्रॉन्ज जीतकर उन्होंने देश का नाम रोशन किया। अर्जुन अवॉर्ड और हाल ही में नेशनल चैंपियनशिप का खिताब जीतने के बाद वे सीधे राजनीति में आईं और 2020 में पहली बार चुनाव जीतकर विधायक बनीं। 2025 में उन्होंने और बड़ी जीत हासिल की।






















