बिहार में एक बार फिर राजनीतिक (Bihar Politics) तापमान अपने चरम पर है। राउज एवेन्यू कोर्ट द्वारा शुक्रवार को ‘लैंड फॉर जॉब’ मामले में लालू प्रसाद यादव, राबड़ी देवी, तेजस्वी यादव, तेज प्रताप यादव, मीसा भारती और हेमा यादव समेत 41 लोगों पर आरोप तय किए जाने के बाद से राजद लगातार आक्रामक रुख में दिखाई दे रही है। कोर्ट के फैसले ने जहां विपक्ष को केंद्र सरकार और जांच एजेंसियों पर हमला करने का मौका दिया है, वहीं सत्तारूढ़ दल इसे कानून प्रक्रिया का हिस्सा बता रहा है। इस बीच बयानबाजी का सिलसिला और तेज हो गया है, और इसी कड़ी में नवादा से आरजेडी विधायक अनीता महतो ने RSS पर तीखा हमला बोला है।
नवादा सर्किट हाउस में मीडिया से बातचीत के दौरान कुख्यात अशोक महतो की पत्नी और आरजेडी विधायक अनीता महतो ने RSS को ‘काला अंग्रेज’ करार दिया और ‘लैंड फॉर जॉब’ केस को पूर्वनियोजित राजनीतिक साजिश बताया। उन्होंने दावा किया कि लालू परिवार पर लगाए गए आरोप कानून से नहीं बल्कि सत्ता और संगठन की मिलीभगत से तय करवाए जा रहे हैं। विधायक ने कहा कि सब कुछ पहले से प्लान्ड है और इसके पीछे ‘काले अंग्रेज’ यानी RSS की भूमिका है। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता को खत्म करने के लिए खास समूहों की तरफ से यह चाल चली जा रही है।
पटना के गांधी मैदान में आज से नो एंट्री.. सुरक्षा के कड़े इंतजाम, 128 कैमरों से होगी निगरानी
अनीता महतो ने आगे कहा कि RSS ने प्रदेश से लेकर गांव तक अपनी पकड़ बना ली है और बरगद की तरह जड़ें फैला ली हैं। हालांकि उन्होंने दावा किया कि जनता ही इन जड़ों को उखाड़ फेंकेगी और इस खेल को खत्म करेगी। उन्होंने RSS का इतिहास पढ़ने की सलाह देते हुए कहा कि आज जो हो रहा है वह कोई नई बात नहीं है बल्कि ऐतिहासिक रूप से देखने पर यह सब लगातार चलता आया है। उन्होंने इसे राजनीतिक ‘हकीकत’ बताया।
‘लैंड फॉर जॉब’ केस में क्लीन चिट को लेकर भी उन्होंने विश्वास जताया। विधायक ने कहा कि कोर्ट पर हमें पूरा भरोसा है और लालू प्रसाद यादव तथा विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव को जल्द ही क्लीन चिट मिलेगी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी राजनीतिक विस्तार करने का आरोप लगाते हुए कहा कि RSS रस्सी पीछे से खींच रहा है और सरकार राजनीतिक रूप से इसका फायदा उठा रही है, लेकिन जनता सब देख रही है और जवाब भी देगी।






















