Bihar Sarkari Naukri: बिहार में सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए साल 2026 की शुरुआत बड़ी खुशखबरी लेकर आई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अगुवाई वाली सरकार रोजगार सृजन को लेकर जिस तेजी से कदम बढ़ा रही है, उसका असर अब जमीन पर दिखने लगा है। इसी क्रम में बिहार तकनीकी सेवा आयोग यानी BTSC ने राज्य के अलग-अलग अहम विभागों में जूनियर इंजीनियर के 2809 पदों पर सीधी भर्ती का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। यह बहाली सिविल, मैकेनिकल और इलेक्ट्रिकल तीनों ब्रांच के लिए निकाली गई है, जिससे डिप्लोमा इंजीनियरिंग पास युवाओं में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है।
इस भर्ती की सबसे बड़ी खासियत यह है कि आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन रखी गई है और आवेदन शुल्क मात्र 100 रुपये तय किया गया है, जो आज के समय में किसी भी सरकारी भर्ती के लिहाज से काफी कम माना जा रहा है। इच्छुक और योग्य अभ्यर्थी 12 जनवरी 2026 तक आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।
आयोग की ओर से जारी अधिसूचना के मुताबिक सबसे ज्यादा पद जूनियर इंजीनियर सिविल के हैं। कुल 2809 पदों में से 2653 पद केवल सिविल ब्रांच के लिए निर्धारित किए गए हैं। इन पदों पर नियुक्तियां जल संसाधन विभाग, नगर विकास एवं आवास विभाग, ग्रामीण कार्य विभाग, भवन निर्माण विभाग, पथ निर्माण विभाग, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग, लघु जल संसाधन विभाग और पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग जैसे महत्वपूर्ण विभागों में की जाएंगी। सिविल ब्रांच में अनारक्षित श्रेणी के लिए ही 1306 पद रखे गए हैं, जिससे सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों को भी बड़ा मौका मिला है।
इसके अलावा जूनियर इंजीनियर मैकेनिकल के 70 पद और जूनियर इंजीनियर इलेक्ट्रिकल के 86 पदों पर भी बहाली होगी। इन दोनों कैटेगरी में अधिकतर नियुक्तियां नगर विकास एवं आवास विभाग और भवन निर्माण विभाग के अंतर्गत की जाएंगी, जहां तकनीकी स्टाफ की लंबे समय से जरूरत महसूस की जा रही थी।
शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो सिविल पदों के लिए किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से सिविल इंजीनियरिंग में तीन वर्षीय डिप्लोमा अनिवार्य रखा गया है। इसी तरह मैकेनिकल पदों के लिए मैकेनिकल इंजीनियरिंग और इलेक्ट्रिकल पदों के लिए इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में तीन वर्षीय डिप्लोमा होना जरूरी है। आयोग ने यह भी साफ कर दिया है कि आरक्षण का लाभ केवल बिहार के मूल निवासियों को ही मिलेगा, जबकि दूसरे राज्यों के उम्मीदवार अनारक्षित श्रेणी में आवेदन कर सकेंगे।
वेतनमान के लिहाज से भी यह भर्ती काफी आकर्षक मानी जा रही है। चयनित उम्मीदवारों को लेवल-7 के तहत 44,900 रुपये से लेकर 1,42,400 रुपये प्रतिमाह तक का वेतन मिलेगा। इसके साथ ही राज्य सरकार के नियमानुसार महंगाई भत्ता, यात्रा भत्ता और अन्य सरकारी सुविधाएं भी मिलेंगी, जो इस नौकरी को और ज्यादा स्थिर और सुरक्षित बनाती हैं।
आयु सीमा की बात करें तो उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 37 वर्ष से कम होनी चाहिए। आयु की गणना 1 अगस्त 2025 के आधार पर की जाएगी। पिछड़ा वर्ग, अत्यंत पिछड़ा वर्ग और महिला उम्मीदवारों को अधिकतम आयु सीमा में 3 वर्ष की छूट दी जाएगी, जबकि अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति वर्ग के अभ्यर्थियों को 5 वर्ष की अतिरिक्त छूट का प्रावधान है।
चयन प्रक्रिया लिखित परीक्षा और कार्यानुभव के आधार पर तय की जाएगी। परीक्षा का विस्तृत सिलेबस और पैटर्न आयोग की ओर से अलग से जारी किया जाएगा। आवेदन शुल्क सभी वर्गों के लिए सिर्फ 100 रुपये रखा गया है, जिसे ऑनलाइन माध्यम से जमा करना होगा। आवेदन के लिए उम्मीदवारों को BTSC की आधिकारिक वेबसाइट btsc.bihar.gov.in पर जाकर ‘Recruitments’ सेक्शन में संबंधित विज्ञापन खोलना होगा और ‘Apply Online’ लिंक के जरिए रजिस्ट्रेशन कर फॉर्म भरना होगा।






















