बिहार विधानसभा चुनाव (Bihar Election 2025) के बीच सिवान जिले के महाराजगंज विधानसभा क्षेत्र से लोकतंत्र की साख पर सवाल खड़े करने वाली चौंकाने वाली खबर आई है। यहां सड़क किनारे एक गड्ढे से VVPAT की पर्चियां मिलने की बात सामने आई है, जिसके बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है। इस घटना को लेकर राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए हैं और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ (पूर्व में ट्विटर) पर वीडियो साझा कर चुनाव आयोग से तत्काल जवाब मांगा है।
आरजेडी ने अपने आधिकारिक अकाउंट से पोस्ट करते हुए लिखा — “सिवान जिले की महाराजगंज विधानसभा क्षेत्र की VVPAT से निकली पर्चियां सड़क किनारे गड्ढे में पड़ी मिली हैं। दो बाहरी डकैत चुनाव आयोग के साथ मिलकर बिहार में लोकतंत्र को गड्ढे में दफन करना चाहते हैं। अगर @ECISVEEP और @CEOBihar की नियत, नीति और नियम निष्पक्ष और पारदर्शी हैं तो इस घटना पर तुरंत स्पष्टीकरण दें।” पार्टी ने यह भी कहा कि “चुनाव आयोग यह क्या धांधली कर रहा है?”
कांग्रेस ने बीजेपी नेताओं के चुनाव प्रचार वाला वीडियो दिखाया.. सिर्फ कट्टा-गोली-बंदूक की बात !
आरजेडी सांसद मनोज झा ने भी इस मामले पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने आरजेडी के ट्वीट को साझा करते हुए लिखा — “दिल बहलाने को ही सही… एक स्पष्टीकरण तो बनता है ना? या खामोशी का सबब ढूंढा जाए…”।
उन्होंने इससे पहले भी चुनाव आयोग को पत्र लिखकर पहले चरण (6 नवंबर 2025) के मतदान में लिंग-आधारित वोटिंग डेटा जारी न करने पर आपत्ति जताई थी। मनोज झा ने अपने पत्र में कहा था कि “चुनावी आंकड़ों का पारदर्शी और समय पर प्रसार एक स्वस्थ लोकतंत्र की नींव है। हाल के चुनाव चक्रों में आयोग इस मानक पर खरा नहीं उतरा है।”






















