बिहार का पहला सिक्स लेन ब्रिज 2025 के अप्रैल तक आम लोगों के लिए खुल जाएगा। NHAI की इस पुल को 2024 के दिसंबर में चालू करने की योजना थी, लेकिन बाढ़ के कारण इसके कंस्ट्रक्शन में देरी हुई है। अब इसके बारे में नया अपडेट सामने आया है। इसके अगले साल अप्रैल महीने तक पूरा हो जाने की उम्मीद है। इसके उद्घाटन होने में अभी 6 महीने की देरी है, जब यह आम जनता के लिए खुल जाएगा। इस पुल के चालू हो जाने के बाद उत्तर और बिहार दक्षिण बिहार का संपर्क बिल्कुल ही आसान हो जाएगा।
बेगूसराय में डीएम तुषार सिंगला ने शनिवार को अधिकारियों को सिमरिया में गंगा नदी पर बन रहे बिहार के सबसे पहले सिक्स लेन सड़क पुल के काम को पूरा करने का आदेश दिया है। राजेन्द्र सेतु के मरम्मत कार्य, बीहट नगर क्षेत्र में बन रहे दो आरओबी और शहर में बन रहे फ्लाईओवर के कार्यों का निरीक्षण किया। संबंधित अधिकारियों को समय पर काम पूरा करने का निर्देश है। डीएम ने बताया कि जिले में राजेन्द्र सेतु सिमरिया से लेकर बेगूसराय तक NHAI के कई प्रोजेक्ट चल रहे हैं। जिसमें राजेन्द्र सेतु के समानांतर नया सिक्स लेन ब्रिज बन रहा है। बीहट नगर क्षेत्र में दो आरओबी बन रहा है। पुराना जो राजेन्द्र सेतु है, उसकी मरम्मत का कार्य रेलवे कर रही है। बेगूसराय नगर क्षेत्र में फ्लाई ओवर का काम चल रहा है। आज हमने NHAI के प्रोजेक्ट डायरेक्टर सहित अधिकारियों के साथ सभी कार्यों की निरीक्षण किया है। राजेन्द्र सेतु का मरम्मत और नया जो पुल बन रहा है, वह काम मार्च पूरा हो जाएगा। अप्रैल से दोनों पुल पर परिचालन शुरू हो जाएगा।
निरीक्षण के दौरान राजेन्द्र सेतु के पश्चिम भाग व नव निर्माणाधीन सिमरिया सिक्स लेन पुल के पूर्वी भाग के क्षेत्र का भूमि सर्वेक्षण कराते हुए पर्यटन विभाग के तहत जीर्णोद्धार का प्रस्ताव तैयार करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश सदर एसडीओ को दिया गया। बीहट में दोनों आरओबी NTPC और HURL के समीप बनकर तैयार हो जाएगा। शहर में जो फ्लाई ओवर का काम चल रहा है, यह जून 2025 तक काम पूरा हो जाएगा। फ्लाई एक्सटेंशन का प्रोजेक्ट पेंडिंग है, उसका फाइनल डिसीजन हो जाता है, तो उसे पर भी काम किया जाएगा। 600 मीटर फ्लावर और बढ़ेगा, जो लोहिया नगर नगर आरओबी तक जाएगा। इन सभी कामों की समीक्षा हमने आज पूरी टीम के साथ की है।
फ्लाइओवर निर्माण कार्य कर रहे संबंधित एजेंसी को मैनपावर बढ़ाते हुए निर्धारित समय सीमा से पहले निर्माण काम पूरा करने का निर्देश दिया गया। इसके साथ ही कहा गया है कि काम में प्रगति लाने के लिए किसी प्रकार के प्रशासनिक सहयोग की आवश्यकता हो, तो सदर एसडीओ से समन्वय करें। सिमरिया धाम में चल रहे कल्पवास मेला को लेकर भी हमने निरीक्षण किया है। वहां पुल के दोनों तरफ निरीक्षण किया है और आवश्यक दिशा-निर्देश अधिकारियों को दिया है। सिमरिया धाम के वैसे सभी स्थल जिसका जीर्णोद्धार लंबित है, उन स्थलों का भूमि सर्वेक्षण कराते हुए उसके जीर्णोद्धार से संबंधित प्रस्ताव तैयार करने का आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश सदर एसडीओ को दिया गया है। पीएचईडी के कार्यपालक अभियंता को सिमरिया धाम में जो शौचालय कार्यरत नहीं हैं व उनकी मरम्मती सम्भव नहीं है। उस पर नए शौचालय निर्माण का निर्देश दिया गया है। सिमरिया धाम में सीढ़ी घाट का निर्माण कार्य करा रहे बाढ़ प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता को सीढ़ी घाट पर रोशनी की व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए आवश्यकता के अनुसार हाई मास्क लाइट लगवाने का निर्देश दिया गया है।