महाराजगंज, बिहार – बिहार के महाराजगंज प्रखंड में एक सरकारी शिक्षक द्वारा WhatsApp ग्रुप में की गई एक विवादित पोस्ट ने बवाल खड़ा कर दिया है। शिक्षक नसीर अहमद ने एक शिक्षकों के ऑफिशियल ग्रुप में “I Love You Pakistan” लिखा, जिसके बाद स्थानीय लोगों से लेकर शिक्षा विभाग तक हड़कंप मच गया।
क्या हुआ पूरा मामला?
यह घटना महाराजगंज प्रखंड के प्राथमिक विद्यालय मकतब रतनपुरा के शिक्षक नसीर अहमद से जुड़ी है। वे “बीआरसी एचएम व्हाट्सएप ग्रुप महाराजगंज” नामक एक सरकारी ग्रुप में सक्रिय थे, जहाँ 14 मई की रात उन्होंने यह विवादित मैसेज पोस्ट किया।
जैसे ही यह पोस्ट ग्रुप में दिखाई दी, दूसरे शिक्षकों ने तुरंत आपत्ति जताई और नसीर अहमद से स्पष्टीकरण मांगा। शुरुआत में शिक्षक चुप रहे, लेकिन बाद में उन्होंने गलती का हवाला देते हुए कहा कि यह अनजाने में हो गया।
इस पोस्ट को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। अभिभावक, सामाजिक कार्यकर्ता और शिक्षा विभाग से जुड़े लोग इसे राष्ट्रविरोधी करार दे रहे हैं। कई लोगों ने शिक्षक का तत्काल निलंबन और एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
नसीर अहमद ने मीडिया से बात करते हुए सफाई दी कि यह गलती से पोस्ट हो गया और उनका ऐसा कोई इरादा नहीं था। हालांकि, उनकी यह दलील लोगों को स्वीकार नहीं हुई है। शिक्षा विभाग ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। अगर आरोप सही पाए गए, तो शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है, जिसमें निलंबन और कानूनी दंड भी शामिल हो सकता है।