बिहार विधानसभा के नए अध्यक्ष (Bihar Vidhan Sabha Speaker) को लेकर राजनीतिक हलचल लगातार बढ़ती जा रही है। एनडीए गठबंधन के भीतर यह लगभग तय माना जा रहा है कि विधानसभा अध्यक्ष की कुर्सी इस बार भारतीय जनता पार्टी के पास ही जाएगी। चर्चाओं का केंद्र अब यह है कि क्या भाजपा इस पद पर पहली बार किसी महिला विधायक को बैठाकर एक नया राजनीतिक उदाहरण पेश करेगी। जिस तरह 16वीं लोकसभा में सुमित्रा महाजन को अध्यक्ष बनाकर भाजपा ने महिला नेतृत्व का एक राष्ट्रीय प्रतीक स्थापित किया था, उसी तरह बिहार में भी यह प्रयोग दोहराए जाने की संभावनाएं मजबूत हो रही हैं।
भाजपा के भीतर इस पर मंथन जारी है, और पार्टी के दस महिला विधायकों में से कई नाम सुर्खियों में हैं। हालांकि पूर्व उपमुख्यमंत्री और वरिष्ठ महिला नेता रेणु देवी ने साफ कहा कि वे पार्टी की समर्पित कार्यकर्ता हैं और पद की कोई व्यक्तिगत इच्छा नहीं रखतीं। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्पीकर पद का फैसला एनडीए नेतृत्व का विषय है और जो भी निर्णय होगा, वह सभी को स्वीकार होगा।
अमित शाह का चुनावी वादा पूरा! जानिए क्या था उनका बड़ा वादा
बीजेपी के 101 विधायकों में से दस महिलाएं इस बार विधानसभा पहुँची हैं। इनमें बेतिया से निर्वाचित अति पिछड़ा वर्ग की नेता रेणु देवी, जो पहले उपमुख्यमंत्री रह चुकी हैं, प्रमुख नाम माना जा रहा है। परिहार से लगातार पांचवीं बार जीतकर आईं यादव समाज की गायत्री देवी अपनी राजनीतिक मजबूती के लिए जानी जाती हैं। वहीं छपरा की छोटी कुमारी और अलीनगर की मैथिली ठाकुर पहली बार विधायक बनी हैं, जबकि निशा सिंह, कविता देवी और संगीता देवी अपने दूसरे कार्यकाल में हैं।
पूरे एनडीए में महिलाओं की बढ़ती संख्या भी इस निर्णय को प्रभावित कर रही है। गठबंधन के कुल 26 महिला विधायक सदन में पहुँची हैं, जिनमें भाजपा की दस, जदयू की दस, हम की दो, लोजपा (आर) की तीन और रालोमो की एक महिला विधायक शामिल हैं। महिलाओं की यह बढ़ती राजनीतिक भागीदारी विधानसभा अध्यक्ष पद पर महिला नेतृत्व की संभावनाओं को और प्रबल बनाती है।
हालांकि, भाजपा के भीतर एक और नाम सबसे अधिक चर्चा में है—डॉ. प्रेम कुमार। चंद्रवंशी समाज से आने वाले और मगध क्षेत्र के प्रभावशाली नेता डॉ. प्रेम कुमार कई विभागों के मंत्री रह चुके हैं और भाजपा के सबसे वरिष्ठ विधायकों में गिने जाते हैं। इस बार भी उनका नाम सबसे प्रमुख दावेदारों में शामिल है।






















