बीजेपी के वरिष्ठ विधायक डॉ. प्रेम कुमार (Bihar Vidhan Sabha Speaker) बिहार विधानसभा के नए अध्यक्ष निर्वाचित हुए। लंबे संसदीय अनुभव और शांत स्वभाव के लिए पहचाने जाने वाले प्रेम कुमार को स्पीकर चुनने के बाद सदन में पक्ष और विपक्ष दोनों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। चुनाव के बाद नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी उन्हें बधाई देते हुए एक सकारात्मक और सहयोगात्मक राजनीतिक संदेश दिया।
तेजस्वी यादव ने सदन के भीतर संबोधित करते हुए कहा कि वह अपने दल, राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव, महागठबंधन और समस्त बिहारवासियों की ओर से प्रेम कुमार को हार्दिक बधाई देते हैं। उन्होंने कहा कि प्रेम कुमार ज्ञान और मोक्ष की धरती, भगवान विष्णु एवं महात्मा बुद्ध की भूमि से आते हैं और इस धरती को वह नमन करते हैं। तेजस्वी ने उम्मीद जताई कि नए विधानसभा अध्यक्ष सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों को समान रूप से आगे बढ़ाने का काम करेंगे और सदन की गरिमा को बनाए रखेंगे।
सदन में तेजस्वी यादव को डांटने लगे नीतीश कुमार.. ए, खड़ा होना जी, कहां बैठे हो?
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि राजनीतिक और सामाजिक जीवन में प्रेम कुमार का बड़ा अनुभव रहा है। मंत्री और विपक्ष के नेता के रूप में उन्होंने हमेशा जनता की आवाज उठाई है और अब नए स्पीकर के रूप में उनसे अपेक्षा है कि वे निष्पक्ष होकर नियमावली के अनुसार जनता की उम्मीदों पर खरे उतरेंगे। उन्होंने कहा कि सदन के प्रत्येक सदस्य की भी जिम्मेदारी है कि वे सहयोगी बनें और किसी को निराश न करें। जरूरत पड़ने पर विपक्ष हमेशा स्पीकर के साथ खड़ा रहेगा।
तेजस्वी यादव ने आगे कहा कि संसदीय लोकतंत्र में विपक्ष भी सरकार का ही महत्वपूर्ण अंग है और सभी का उद्देश्य बिहार को अव्वल राज्य बनाना है। उन्होंने बेरोजगारी, गरीबी और पलायन जैसे मुद्दों को खत्म कर नए संकल्प के साथ नया बिहार बनाने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि विपक्ष की भूमिका सरकार की गलतियों पर आईना दिखाने की होती है और इसमें कोई व्यक्तिगत कटुता नहीं होती। इसलिए सत्ता पक्ष से आग्रह है कि वे विपक्ष की आवाज को भी पूरी गंभीरता से सुनें ताकि बिहार को सही दिशा में आगे बढ़ाया जा सके।






















