Bihar Weather Update: लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा से पहले बिहार का मौसम धीरे-धीरे बदलने लगा है। राजधानी पटना समेत राज्य के कई जिलों में सुबह के वक्त कोहरे की चादर और हल्की ठंड ने दस्तक दे दी है। मौसम में यह बदलाव छठ पर्व की तैयारियों को प्रभावित तो नहीं करेगा, लेकिन अगले कुछ दिनों में बारिश और तापमान में गिरावट के संकेत स्पष्ट हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार, बिहार में 27 अक्टूबर से पश्चिमी विक्षोभ का असर दिखना शुरू होगा। इस विक्षोभ के कारण 27 से 29 अक्टूबर के बीच राज्य के कई हिस्सों में छिटपुट से लेकर मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विभाग का कहना है कि इस दौरान जमुई, भागलपुर, नवादा, बांका और मधुबनी जैसे जिलों में हल्की बारिश के आसार हैं, जबकि पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण और गोपालगंज में मौसम शुष्क बना रहेगा।
छठ पूजा की दृष्टि से मौसम विभाग की भविष्यवाणी बेहद अहम मानी जा रही है। विभाग ने बताया कि नहाय-खाय और खरना के दिन मौसम सामान्य रहेगा, लेकिन संध्या अर्घ्य और सुबह अर्घ्य के समय हल्के बादल और बूंदाबांदी की संभावना से इन दिनों व्रतियों को सतर्क रहना चाहिए।
बिहार चुनाव के लिए AAP का मैनिफेस्टो जारी.. शिक्षा-स्वास्थ्य, बिजली और किसान हित में कई बड़े ऐलान
IMD के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, राज्य का अधिकतम तापमान 32 से 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। हालांकि, जैसे-जैसे बारिश का दायरा बढ़ेगा, तापमान में 1 से 2 डिग्री की और गिरावट दर्ज की जा सकती है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, 27 अक्टूबर को पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में सक्रिय वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर बिहार पर भी पड़ेगा। इससे राज्य के मध्य और दक्षिणी जिलों में नमी बढ़ेगी और शाम के समय हल्की ठंड के साथ ठंडी हवाएं चलेंगी। पटना में गुरुवार को न्यूनतम तापमान 26 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि सहरसा के अगवानपुर में 20.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ। गया, दरभंगा, मधुबनी और भागलपुर जैसे जिलों में भी रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।






















