बिहार में तेज ठंड की आहट अब करीब है। मौसम विभाग के मुताबिक बिहार की राजधानी पटना सहित पूरे राज्य में 8 दिसंबर के बाद से पछुआ की गति तेज होगी। इसके साथ ही ठंड तेज होने लगेगी। अभी पुरवा हवा तेज है, इसलिए अभी ठंड की संभावना नहीं है। हालांकि तापमान में उतार-चढ़ाई चलता रहेगा।
गिरने लगा है तापमान
भले ही तेज ठंड अभी बिहार से दूर हो लेकिन अलग अलग जिलों में तापमान में गिरावट आने लगी है। बुधवार यानि 29 नवंबर को सीमांचल के अररिया, किशनगंज समेत कैमूर, रोहतास और औरंगाबाद के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना है। लेकिन तेज ठंड के लिए एक हफ्ते से अधिक का इंतजार है। दूसरी ओर राजधानी पटना में हालात बेहतर हैं। यहां मंगलवार को न्यूनतम तापमान 1.9 डिग्री बढ़कर 15.3 डिग्री रहा। जबकि प्रदेश में सबसे अधिक ठंडा डेहरी रहा, जहां का न्यूनतम तापमान 12 डिग्री दज किया गया। दूसरी ओर पूर्णिया में न्यूनतम तापमान 4.1 डिग्री बढ़ गया।
वहीं प्रदूषण के स्तर पर भी बिहार में सुधार हुआ है। अब किसी भी जिले में औसत प्रदूषण स्तर एक्यूआई में 400 तक नहीं पहुंचा है। हालांकि अभी भी सबसे खराब हवा पटना में है, जहां बुधवार, 29 नवंबर को सुबह 7 बजे एक्यूआई 350 रहा। पटना समेत राज्य के 14 शहरों में एक्यूआई लेवल 100 या उससे अधिक है। इसमें दूसरे नंबर पर भागलपुर है, जहां का एक्यूआई 313 रहा।
बुधवार 29 नवंबर सुबह 7 बजे बिहार के शहरों में एक्यूआई
- पटना : 350
- भागलपुर : 313
- छपरा : 299
- गया : 289
- सासाराम : 256
- मुजफ्फरपुर : 228
- आरा : 227
- पूर्णिया : 201
- औरंगाबाद : 152
- बिहारशरीफ : 149
- मुंगेर : 112
- हाजीपुर : 110
- कटिहार : 110
- किशनगंज : 100




















