Bihar Weather: बिहार इस समय मौसम की दोहरी मार झेल रहा है। एक तरफ आसमान में काले बादल छाए हैं और लगातार बारिश का दौर जारी है, तो दूसरी तरफ कई जिलों में नदियां उफान पर हैं, जिससे लाखों लोग बाढ़ की चपेट में आ चुके हैं। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि आने वाले 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में बारिश का सिलसिला और तेज हो सकता है।
ताज़ा पूर्वानुमान के अनुसार, उत्तर पश्चिम बिहार के पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीवान, सारण और गोपालगंज जिलों में अच्छी बारिश होने की संभावना है। वहीं सीतामढ़ी, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, वैशाली, शिवहर और समस्तीपुर में भी बादल जमकर बरस सकते हैं। उत्तर पूर्व बिहार के सुपौल, अररिया, किशनगंज, मधेपुरा, सहरसा, पूर्णिया और कटिहार में भी अधिकांश जगहों पर बारिश का पूर्वानुमान है।
दक्षिण पश्चिम बिहार के बक्सर, भोजपुर, रोहतास, भभुआ, औरंगाबाद और अरवल में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। बुधवार की सुबह भोजपुर समेत कई जिलों में बारिश दर्ज की गई है, जिससे तापमान में गिरावट आई है और मौसम सुहावना हो गया है, लेकिन बाढ़ प्रभावित इलाकों में यह बारिश परेशानी बढ़ा रही है।
गंगा, कोसी और गंडक जैसी प्रमुख नदियां पहले ही खतरे के निशान के आसपास बह रही हैं। लगातार हो रही बारिश से इनके जलस्तर में और बढ़ोतरी का खतरा है। बाढ़ से प्रभावित इलाकों में लोग सुरक्षित स्थानों पर जाने को मजबूर हैं, जबकि ग्रामीण इलाकों में फसलें जलमग्न हो चुकी हैं।






















