मालदह आम का नाम सुनते ही मुंह में पानी किसी को आ जाए। खासकर बिहार का मालदह। हालांकि देश के बड़े महानगरों में रहने वाले बिहारी लोग अपनी मिट्टी की खुशबू वाले इस मीठे आम को तरस जाते हैं। पर अब ऐसा नहीं होगा। बिहार के तीन युवाओं ने अब देश के किसी भी हिस्से में बसे बिहार के निवासियों तक उनका मनपसंद मालदह आम पहुंचाने की व्यवस्था की है। मालदह आम ही नहीं बल्कि बिहार के चर्चित बिहारी परिधान भागलपुरी चादर, मधुबनी प्रिंट की साड़ी, मिथिला का अचार, बिहार प्राइड स्लोगन वाले टीशर्ट भी भी देश के किसी कोने में पहुंचाएंगे। इन युवाओं में पटना के आलोक कुमार, मुजफ्फरपुर के राहुल और समस्तीपुर के प्रख्यात शामिल हैं। इसमें आलोक और राहुल बीटेक हैं जबकि प्रख्यात एम कॉम।
छह माह पहले शुरू किया काम
राजस्थान से कम्प्यूटर साइंस में बीटेक आलोक कुमार ने बताया कि आज से लगभग 6 माह पहले उन्होंने अपने दोस्तों के साथ मिलकर इस पर विचार किया कि नेटिव प्रोडक्टस यानि बिहार में उत्पादित वस्तुओं को बाहर रह रहे लोगों तक पहुंचाएं। इस मकसद से उन्होंने एक वेबसाइट nativeclap.com बनाया है। इस वेबसाइट के माध्यम से वे देश में बिहार की बेहतर छवि बनाना चाहते हैं। बिहारी फूड,आर्ट्स ,फैशन आदि की बड़े पैमाने पर मार्केटिंग कर इसे देश के प्रमुख उत्पादों के मुकबले खड़ा करना चाहते हैं।
6 माह में ही 4000 लोग जुड़े
आलोक के मुताबिक लगभग 6 माह में ही उनके वेबसाइट से चार हजार से अधिक लोग जुड़ गए हैं। देश के विभिन हिस्सों में बसे बिहारी लोगों के साथ अन्य भी बिहारी फूड प्रोडक्टस,आर्ट्स ,फैशन के सामान मँगवा रहे हैं। आलोक कुमार ने बताया कि मालदह आम की सप्लाई पहली जून से शुरू हो जाएगी। इसके लिए nativeclap.com पर बुकिंग शुरू हो गई है। फिलहाल भागलपुर और समस्तीपुर जिले के प्रसिद्ध मालदह आम की सप्लाई की जा रही है। देश के किसी भी हिस्से में मालदह आम की सप्लाई 3 से 4 दिन में कर दी जाएगी। वहीं बिहार में एक से दो दिन में आम पहुंचाया जा रहा है।
बॉलीवुड अभिनेता क्रांति प्रकाश झा हैं ब्रांड एम्बेसडर

आलोक ने बताया कि उनके स्टार्ट अप nativeclap.Com के साथ जाने माने बॉलीवुड अभिनेता क्रांति प्रकाश झा बतौर ब्रांड एम्बेसदर और रणनीतिकार निवेशक भी जुड़े हैं। इस स्टार्ट अप ने हाल ही में सीड फंड भी जुटाना शुरू किया है।




















