रांची: पिछले लगभग एक हफ्ते से रिम्स में इलाजरत बिरसा मुंडा के प्रपौत्र मंगल मुंडा का बीती रात 12 बजकर 30 मिनट पर देहांत हो गया। इस दुखद घटना पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने एक्स पर पोस्ट साझा कर शोक व्यक्त किया है। सीएम ने लिखा है, “रिम्स में इलाजरत भगवान बिरसा मुंडा के वंशज श्री मंगल मुंडा जी के निधन की खबर से अत्यंत दुखी हूं। मरांग बुरु दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिवारजनों को दुःख की यह विकट घड़ी सहन करने की शक्ति दें।”
मालूम हो कि धरती आबा के प्रपौत्र मंगल मुंडा का 24 नवंबर की रात को खूंटी-तमाड़ रोड पर सड़क दुर्घटना का शिकार हो गए थे। इसके बाद से उनका इलाज रिम्स में चल रहा था। मंगल मुंडा की बिगड़ती हालत देखते हुए उनकी देखभाल के लिए रिम्स ने 3 डॉक्टरों की विशेष टीम बनाई थी। इसमें न्यूरो सर्जरी विभाग के प्रमुख डॉ. आनंद कुमार, क्रिटिकल केयर विभाग के प्रमुख डॉ. प्रदीप भट्टाचार्या और सर्जन डॉ. अजय कुमार शामिल थे। इधर शपथ्ज्ञ ग्रहण से पूर्व रिम्स में इलाज के दौरान बुधवार को सीएम हेमंत सोरेन और कल्पना सोरेन ने अस्पताल जाकर उनका हालचाल लिया था। गुरूवार को भाजपा विधायक सीपी सिंह और नवीन जायसवाल ने भी रिम्स पहुंचकर मंगल मुंडा के स्वास्थ्य की जानकारी ली थी। बता दें कि PMO और स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से भी रिम्स प्रबंधन को मंगल मुंडा की स्थिति पर विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया गया था। लेकिन इन तमाम प्रयासें के बाद भी गुरूवार देर रात उनका निधन हो गया।