बिहार में राजनीतिक अखाड़ा बदल गया है। पहले भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों पर हमले राजद झेलता था। आज वो आरोप राजद की गलियां होते हुए नीतीश कुमार तक पहुंच गई हैं। नीतीश कुमार पर सीधे भ्रष्टाचार और भ्रष्टाचारियों को संरक्षण देने का आरोप लग रहा है। पूर्व डिप्टी सीएम सुशील मोदी ने खुलेआम यह आरोप लगाया है। अब विधानसभा में भाजपा के नेता प्रतिपक्ष तो इशारों में यहां तक कह गए कि नीतीश कुमार भी जेल जाएंगे।
‘सब जानते हुए नीतीश ने बनवाई अपराधियों की सरकार’
सीएम नीतीश कुमार पर आरोप लगाते हुए विजय कुमार सिन्हा ने कहा राज्य में भ्रष्टाचारियों और अपराधियों का शासन हो गया है। ऐसा नहीं है कि नीतीश कुमार अनजान हैं। 17 साल से शासन में बैठे हैं। सबका इतिहास, भूगोल ये जानते हैं। लेकिन जानते हुए इन्होंने अपनी महत्वकांक्षा की पूर्ति के लिए बिहार को रसातल में भेज रहे हैं। जब भ्रष्टाचारियों और अपराधियों की सरकार रहेगी तो अपराध-भ्रष्टाचार कैसे रुकेगा।
‘अच्छे अधिकारियों को शंट किया गया’
विजय कुमार सिन्हा ने आगे कहा कि आज अच्छे अधिकारियों को एक साइड कर दिया गया है। भ्रष्ट पदाधिकारियों की एक जमात को तकनीकी रूप से बिहार के अंदर विकास में लूट की प्रवृति को बढ़ाया जा रहा है। लेकिन अपराध और भ्रष्टाचार पर जंग शुरू होगी। भले ही ये कितने भी एक हो जाएं, भ्रष्टाचारमुक्त देश का अभियान चलता रहेगा। लालू यादव और नीतीश कुमार का बिना नाम लिए विजय सिन्हा ने कहा कि इस अभियान में जहां बड़े भाई पहुंचे थे, छोटे भाई वहीं जाएंगे। उन्होंने कहा कि 2017 में भ्रष्टाचार के नाम पर भागे और आज उन्हीं से गलबहियां कर रहे हैं तो क्या वे भ्रष्टाचारमुक्त माने जाएंगे?




















