झारखंड में आज विधानसभा चुनावों का ऐलान हो सकता है। लेकिन जदयू और भाजपा के बीच सीट सहमति अब तक नहीं बनी है। झारखंड के जदयू प्रभारी अशोक चौधरी ने बताया कि अभी कुछ भी फाइनल नहीं हुआ है। बीजेपी के आलाकमान से बात हो रही है। बातचीत के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। हालांकि अंदरखाने से खबर आ रही है कि जदयू 13 सीट की डिमांड कर रही है जबकि बीजेपी दो सीट दे रही है। जेडीयू नेतृत्व ने आज आनन-फानन में बैठक बुला ली। राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार के आवास पर जेडीयू के वरिष्ठ नेताओं की बैठक हुई। बैठक में आगे की रणनीति पर विचार हुआ।
झारखंड में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष खीरू महतो को भी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पटना बुला लिया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से खीरू महतो की बातचीत खत्म हो जाने के बाद उन्होंने बड़ा बयान दे दिया है। उन्होंने कहा कि हम लोगों ने 11 सीट का अल्टीमेट दिया है और उस पर विचार चल रहा है। भाजपा और जदयू के बड़े नेताओं से बातचीत चल रही है, दो सीट का कोई मामला ही नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि किन सीटों पर चुनाव लड़ना है भाजपा आला कमान को हम लोगों ने बता दिया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बातचीत चल रही है एक-दो दिन के बाद ही इस पर सहमति बन पाएगी। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार और जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष भाजपा के बड़े नेता से बातचीत कर रहे हैं। वहीं जदयू के प्रदेश अध्यक्ष खीरू महतो ने एक बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि सरयू राय जमशेदपुर पश्चिम से चुनाव लड़ेंगे।
Jharkhand Election को लेकर BJP केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक आज, PM भी होंगे शामिल
वहीं नीतीश कैबिनेट में मंत्री व झारखंड जेडीयू के प्रभारी अशोक चौधरी जब मीडिया के सामने आये तो जवाब देने में थोड़े असहज दिख रहे थे। उनसे पूछा गया कि झारखंड विधानसभा चुनाव की घोषणा होने वाली है। आज आपलोग मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मिले हैं। क्या कहना है….इस पर थोड़े असहज दिखते हुए प्रभारी अशोक चौधरी ने कहा कि ”नहीं… झारखंड पे हमलोगों की चर्चा, भाजपा के साथ हमारे शीर्षस्थ नेता संजय झा जी, केंद्रीय मंत्री ललन जी सबलोग लगे हुए हैं। बात हो रही है, भाजपा के साथ मिलकर चुनाव लड़ना है, कोई संदेह नहीं है, एनडीए में रहना है, इसमें भी कोई संदेह नहीं।
बता दें कि सोमवार को झारखंड भाजपा चुनाव प्रबंध समिति की बैठक के बाद प्रदेश के चुनाव सह प्रभारी हिमंत बिस्व सरमा ने ऐलान किया कि सहयोगी दलों के साथ सीटों पर तालमेल पूरा हो गया है। गठबंधन में आजसू को 9 से 11 सीटें मिल सकती हैं। जदयू को दो सीट देने पर सहमति बनी है, लेकिन केंद्रीय नेतृत्व इसपर अंतिम फैसला लेगा। वहीं एलजेपी प्रमुख चिराग पासवान से 16 अक्टूबर को चर्चा के बाद उनकी एक सीट तय हो सकती है। गठबंधन में महज दो सीटें मिलने के बाद जेडीयू नेतृत्व अवाक है।




















