आदित्यपुर: झारखंड सरकार के खिलाफ आदित्यपुर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जुलूस के साथ मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया। बता दें झारखंड की इंडिया गठबंधन सरकार की हिटलरशाही के विरुद्ध ये मोर्चा निकाला गया। गुरुवार की शाम एस टाइप चौक से जुलूस निकाल कर शेरे पंजाब चौक तक आकर यहीं पर मुख्यमंत्री का पुतला फूंका गया।मालूम हो कि इसका नेतृत्व भाजपा के जिलाध्यक्ष उदय सिंहदेव कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि राज्य की हेमंत सोरेन की सरकार अपने नकारेपन को दूर करने के बजाये हिटलरशाही पर उतर आई है।
आज सदन में हुए हंगामें के बाद इन कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। आगे उन्होनें कहा कि भाजपा विधायकों ने बुधवार को विधानसभा में जनता की समस्या और बेरोजगारी के मुद्दे पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के समक्ष अपनी बात रखी जो उन्हें नागवार गुजरी। सरकार के इशारे पर कठपुतली विधानसभा अध्यक्ष ने मार्शलों द्वारा भाजपा के विधायकों को विधानसभा भवन में कैद कर दिया। इस दौरान वहां की बिजली भी काट दी गई। पानी भी बंद कर दिया गया और विधायकों के साथ मार्शलों ने अपमानजनक व्यवहार किया। इतने से मन नहीं भरा तो 17 विधायकों को निलंबित कर दिया गया। वहीं उन्होनें आगे कहा कि राज्य सरकार ने अपनी तानाशाही रवैये का परिचय देते हुये असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा को लोकतांत्रिक अधिकारों को कुचलते हुये उन्हें गोपीनाथपुर जाने से रोक दिया।
इन्ही घटनाओं के खिलाफ गुरुवार की शाम एस टाइप चौक से जुलूस निकाल कर शेरे पंजाब चौक पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन किया गया है। मालूम हो कि आज के कार्यक्रम में मुख्य रूप से गणेश महाली, बॉबी सिंह, रमेश हांसदा, ललन तिवारी, सुनील श्रीवास्तव, मधु गोराई, भोगेन्द्र झा, राकेश मिश्रा, बीरेन्द्र सिंह, अनुराग जायसवाल, रीतिक मुखी, अनिशा सिन्हा, कृष्ण प्रधान, देवेश महापत्रा, पंकज कुमार, ललन शुक्ला, बिजय सिंह, कुमुद रंजन, स्वप्निल सिंह, अमन प्रशाद, सुपाल झा सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद थे।