मध्य प्रदेश का नया सीएम भाजपा में मोहन यादव को बनाया है। मध्य प्रदेश में भाजपा के इस यादव दांव की चर्चा यूपी और बिहार की राजनीतिक गलियारों में खूब हो रही है। माना जा रहा है कि यूपी और बिहार के बड़े यादव वोट बैंक को साधने के लिए ही भाजपा ने मध्य प्रदेश में एक यादव को सीएम की कमान सौंपी है। इसके संकेत भी मिलने शुरू हो गए हैं। बिहार भाजपा के बड़े नेता और राज्ससभा सांसद सुशील मोदी ने मोहन यादव को बधाई देते हुए लालू यादव की पार्टी राजद पर निशाना साधा है।
सुशील मोदी ने लालू यादव पर बोला हमला
राज्यसभा सांसद सुशील मोदी का कहना है कि बिहार में राजद किसी दूसरे यादव को सीएम नहीं बना पाई। लेकिन भाजपा ने मध्य प्रदेश में एक यादव को सीएम बना दिया। बिहार में लालू परिवार के अलावा राजद से कोई और यादव सीएम नहीं बना। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा “आरजेडी तो बिहार में किसी यादव को CM नहीं बना पाई परंतु बीजेपी ने मध्य प्रदेश में यादव को सीएम बना दिया। श्री मोहन यादव को बधाई।”
यूपी- बिहार के यादव BJP के निशाने पर
सुशील मोदी के ट्वीट से ये साफ़ है कि आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा इस मुद्दे को भुनाने की कोशिश करेगी। खास कर यूपी और बिहार के यादवों को साधने के लिए इसका प्रयोग किया जाएगा। क्योंकि यूपी और बिहार में यादवों की संख्या सबसे अधिक है। बिहार के जातीय गणना के मुताबिक यादवों की संख्या 14.26 फीसदी है। बिहार में यादव राजद और यूपी में यादव समाजवादी पार्टी के कोर वोटर माने जाते हैं। जानकारों की माने इसमें सेंधमारी के लिए ही भाजपा ने मध्य प्रदेश में यादव दांव चला है।




















