Bodhgaya violence: बिहार के बोधगया में वियतनामी यूट्यूबर्स के बीच हुई हिंसक झड़प ने इस धार्मिक नगरी को हिलाकर रख दिया है। मंगलवार रात चिल्ड्रेन पार्क के पास हुई इस घटना में चार वियतनामी युवकों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि विवाद की जड़ में एक आध्यात्मिक गुरु ‘मेन थ्यो’ को बताया जा रहा है।
बोधगया थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात वियतनामी पर्यटकों के दो गुटों के बीच मोबाइल से वीडियो बनाने को लेकर विवाद हुआ, जो जल्द ही हिंसक झड़प में बदल गया। पुलिस ने बुधवार को बुई वान सांग, वान कान सेनह, तरान हाई और वान तवान नामक चार यूट्यूबर्स को गिरफ्तार किया। ये सभी वियतनामी नागरिक हैं और यूट्यूब पर कंटेंट बनाते हैं।
इस पूरे विवाद की जड़ वियतनामी साधु ‘मेन थ्यो’ को बताया जा रहा है। दिलचस्प बात यह है कि एक गुट उन्हें आध्यात्मिक गुरु मानता है, जबकि दूसरा गुट उन्हें महज एक प्रचारबाज और दिखावेबाज करार देता है। यही मतभेद पिछले कई हफ्तों से दोनों गुटों के बीच तनाव का कारण बना हुआ था।
सिटी एसपी रामानंद कुमार कौशल ने बताया कि घायल वियतनामी युवकों माई त्रांग थुई, हाई लैंग और क्वांग चि ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस के अनुसार, यह पहली बार नहीं है जब इन वियतनामी युवकों के बीच हिंसक झड़प हुई है। 12 जून, 29 मई और 3 जून को भी इसी तरह की घटनाएं हो चुकी हैं।