पटना से बड़ी खबर सामने आ रही है। पटना सिविल कोर्ट को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिली है। यह छठी बार है जब कोर्ट परिसर को ऐसी धमकी प्राप्त हुई है। जानकारी के अनुसार, यह धमकी ई-मेल के माध्यम से दी गई है, जिसमें कोर्ट को बम से उड़ाने की बात कही गई है।
खास बात यह है कि इससे महज दो दिन पहले भी इसी तरह की धमकी मिली थी, जिसके बाद सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया गया था। फिर भी ताजा धमकी मिलते ही कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। जजों, वकीलों, स्टाफ और अन्य लोगों को तुरंत बाहर निकालकर परिसर को खाली करा लिया गया।
पुलिस और बम निरोधक दस्ता (बॉम्ब डिस्पोजल स्क्वॉड) मौके पर पहुंचकर सघन जांच और सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं। कुछ रिपोर्टों के मुताबिक, कोर्ट की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी गई है और जांच पूरी होने के बाद ही इसे फिर से शुरू किया जाएगा।बार-बार मिल रही इन धमकियों से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। पिछली धमकियां ज्यादातर झूठी साबित हुई हैं, लेकिन प्रशासन किसी भी जोखिम को नजरअंदाज नहीं कर रहा है। अभी तक धमकी देने वाले की पहचान नहीं हुई है।






















